JNA /सनोबर खान ब्यूरो चीफ पटना नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की 20वीं साधारण बैठक महापौर कार्यालय कक्ष, मॉर्यलोक कॉम्प्लेक्स, पटना में आयोजित की गई* बैठक की अध्यक्षता महापौर श्रीमती सीता साहू ने की। उप-महापौर श्रीमती रेशमी कुमारी, नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा एवं समिति के सभी माननीय सदस्य उपस्थित रहे। *प्रारंभ में 19 वीं साधारण बैठक की कार्यवाहियों की संपुष्टि की गई। सशक्त स्थाई समिति की बैठक में कुल 62 कार्यसूची मदों पर विचार किया गया। इनमें से 47 संलेखों को स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि 22 संलेखों पर विशेष चर्चा कर उन्हें भी स्वीकृति प्रदान की गई ।समग्र रूप से 79 विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई, जो नगर प्रशासन की सक्रियता एवं विकासोन्मुख दृष्टिकोण को दर्शाता है। रिवर फ्रंट विकास योजना को भी किया गया मंजूर, नोजर कटरा से दीदारगंज घाट तक एवं कलक्टेरियट घाट से दीघा घाट तक विस्तृत रिवर फ्रंट विकास परियोजना के लिए डीपीआर तैयार कर राज्य एवं केंद्र सरकार को प्रेषित करने का निर्णय लिया गया है। इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत नदी तट का सुनियोजित विकास, सौंदर्यीकरण, सुदृढ़ आधारभूत संरचना, प्रकाश व्यवस्था, हरित क्षेत्र विस्तार तथा सुरक्षित पैदल पथ का निर्माण प्रस्तावित है गौरतलब है की इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय रोजगार के अवसर सृजित होंगे तथा शहर की सांस्कृतिक एवं आर्थिक पहचान को नई मजबूती प्राप्त होगी।निगम क्षेत्रान्तर्गत भवनों के पुनः कर निर्धारण एवं राजस्व वृद्धि हेतु होगा एजेंसी का चयन, पटना नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत स्थित भवनों के पुनः कर निर्धारण एवं राजस्व संग्रहण को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एजेंसी के चयन से संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी मिली । नगर प्रशासन का उद्देश्य अद्यतन सर्वेक्षण एवं वैज्ञानिक मूल्यांकन के माध्यम से कर निर्धारण प्रक्रिया को सुदृढ़ करना है, ताकि राजस्व में वृद्धि के साथ-साथ कर प्रणाली में समानता एवं प्रभावी की जा सके। इस पहल से निगम की वित्तीय स्थिति सुदृढ़ होगी तथा प्राप्त राजस्व का उपयोग आधारभूत संरचना विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं शहरी सेवाओं के उन्नयन में किया जा सकेगा।विद्युत शवदाह गृह का होगा जीर्णोद्धार, आज आयोजित बैठक में रामचक बैरिया में मवेशियों के लिए विद्युत शवदाह गृह के जीर्णोद्धार का निर्णय लिया गया। साथ ही खाजेकलाँ एवं गुलाबीघाट स्थित विद्युत शवदाह गृहों के आधुनिकीकरण एवं मरम्मत को भी स्वीकृति प्रदान की गई। वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में सड़क, पथ एवं नाला निर्माण, भूगर्भ नाला कार्य, ड्रेनेज सुदृढ़ीकरण तथा जलजमाव निवारण से संबंधित प्रस्तावों को स्वीकृति मिली। पेयजल आपूर्ति सुदृढ़ करने हेतु जलापूर्ति पाइपलाइन विस्तार, हाई यील्ड बोरिंग स्थापना तथा वितरण प्रणाली उन्नयन को अनुमोदन प्रदान किया गया। क्षतिग्रस्त मैनहोल के निर्माण, मरम्मत एवं प्रतिस्थापन तथा मैनहोल एम्बुलेंस संचालन से संबंधित प्रावधानों को स्वीकृति प्रदान की गई, जिससे नागरिक सुरक्षा एवं त्वरित आपदा प्रबंधन को बल मिलेगा। विभिन्न वार्डों में सामुदायिक भवन निर्माण, पार्क विकास, सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण एवं हरित क्षेत्र विस्तार से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को अधिक प्रभावी, वैज्ञानिक एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में आवश्यक निर्णय लिए गए। राजस्व संग्रहण हेतु एजेंसी चयन पर भी विचार किया गया। महापौर श्रीमती सीता साहू ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य विकास कार्यों को तीव्र गति एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कर पटना को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं आधुनिक शहर के रूप में विकसित करना है। नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा ने आश्वस्त किया कि सभी स्वीकृत प्रस्तावों का क्रियान्वयन निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाएगा तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से नागरिकों को शीघ्र लाभ प्रदान किया जाएगा।बैठक में सशक्त स्थायी समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।


