जगदूत न्यूज अनिल कुमार गुप्ता ब्यूरो प्रमुख जहानाबाद काको। प्रसिद्ध सूफ़ी संत हज़रत बाबा जमाल शाह वारसी का पाँचवाँ सालाना उर्स गुरुवार को धूमधाम के साथ प्रारंभ हुआ। काको मध्य विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत उर्स कमिटी द्वारा आयत शरीफ़ पढ़ने के पश्चात हुई। इसके बाद पूर्व सांसद डॉ. अरुण कुमार ने परंपरागत रूप से कबूतर उड़ाकर चार दिवसीय उर्स का औपचारिक उद्घाटन किया। उर्स के शुभारंभ पर खेल मैदान में एकदिवसीय खिताबी फुटबॉल मुकाबले का भी आयोजन किया गया। यह मैच ए.एफ.ए. बारा चाकंद (गया जी) बनाम ओल्ड फ्रेंड्स क्लब मसौढ़ी (पटना) के बीच खेला गया। मैच का प्रारंभ जदयू के वरिष्ठ नेता राजीव नयन उर्फ राजू ने फुटबॉल को किक मारकर किया। दर्शकों की भारी भीड़ मैच का आनंद लेने के लिए मैदान में मौजूद रही। आस्ताना मैनेजर ताबिश निशात वारसी ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी उर्स की शुरुआत फुटबॉल मैच से हुई, जो आपसी भाईचारे और खेल भावना को बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि उर्स के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल रंजन, सांसद प्रतिनिधि (अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ) सज्जाद रहमानी, विनय कुमार विद्यार्थी, निशात अख्तर, रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ नेता अरशद इमाम, युवा नेता फहद आलम, भाजपा नेता धीरेन्द्र कुमार मंटू, चुन्नू शर्मा, मुजम्मिल ईमाम, दानिश मल्लिक, वार्ड पार्षद ताबिश हुसैन, साजिद आलम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मैच संचालन में परवेज़ आलम ने रेफरी की भूमिका निभाई जबकि लाइन्समैन के रूप में मो. शोएब और राजेश कुमार पप्पू तैनात थे। उद्घोषक की जिम्मेदारी असद मल्लिक ने संभाली। वहीं फील्ड कोऑर्डिनेटर के रूप में वरिष्ठ फुटबॉलर अखिलेश कुमार और राजकुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


