जगदूत न्यूज खगड़िया बिहार ब्यूरो चीफ प्रभु जी खगड़िया महिलाओं के सशक्तिकरण और जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु जीविका, खगड़िया की ओर से दिनांक 18 अप्रैल 2025 को “महिला संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी खगड़िया के निर्देशानुसार ,उप विकास आयुक्त, खगड़िया श्री अभिषेक कुमार पलासिया द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। तदनुसार, सभी प्रखंडों में जिला स्तरीय पदाधिकारियों, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा बीपीएम जीविका की उपस्थिति में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “महिला सशक्तिकरण समाज के समग्र विकास की नींव है। जीविका जैसी संस्थाएं इस दिशा में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं।” उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने, शिक्षा और स्वरोजगार को अपनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम की प्रमुख विशेषताएं: स्वास्थ्य, शिक्षा और कानून पर संवाद: विशेषज्ञों द्वारा महिलाओं को स्वास्थ्य, पोषण, घरेलू हिंसा, बाल विवाह, और विधिक अधिकारों पर महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। सफलता की कहानियाँ: जीविका दीदियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे उन्होंने समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की राह पकड़ी।कौशल विकास और उद्यमिता पर चर्चा: महिलाओं को छोटे व्यवसायों, स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया पर संवाद हुआ। दर्जा प्राप्त अतिथियों और प्रशिक्षकों ने महिलाओं को प्रेरित करते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ समाज में नेतृत्व की भूमिका निभाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीविका दीदियों, CLF प्रतिनिधियों तथा ग्रामीण क्षेत्रों से आई महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही।