जगदूत न्यूज खगड़िया बिहार ब्यूरो चिप प्रभु जी खगड़िया महेशखुट डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, महेशखूंट के प्रांगण में *’पृथ्वी दिवस’* उत्साह एवं पर्यावरण जागरूकता के साथ मनाया गया। इस अवसर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना एवं उनमें प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। कार्यक्रम में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। नन्हें विद्यार्थियों ने पृथ्वी एवं वृक्ष का रूप धारण कर आकर्षक प्रस्तुति दी तथा पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया। इसके अतिरिक्त नर्सरी से कक्षा द्वितीय तक के विद्यार्थियों के लिए एक प्रकृति भ्रमण (Nature Walk) का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने प्रकृति के विभिन्न तत्वों को नजदीक से देखा और उनके महत्व को समझा। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा “सेव अर्थ” विषय पर एक प्रभावशाली नाटक (स्किट) प्रस्तुत किया गया, जिसमें प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण की आवश्यकता को दर्शाया गया। इसके साथ ही एक भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन एवं प्रकृति की रक्षा में अपनी भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।कार्यक्रम के अंतर्गत सी०बी०एस०ई० के मार्गदर्शन में शपथ समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ, हरित जीवन शैली अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि “पृथ्वी हमारा एकमात्र घर है, जिसकी रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों में प्रारंभ से ही पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे भविष्य में एक जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बन सकें। छोटे-छोटे प्रयास ही बड़े परिवर्तन का आधार बनते हैं। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक दायित्व के संदेश के साथ किया गया। विद्यालय ने पुनः यह संकल्प दोहराया कि वह जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिकों के निर्माण हेतु सदैव प्रयासरत रहेगा।


