JNA /एस खान ब्यूरो चीफ खगड़िया जिला के बेलदौर प्रखंड के दिघौन पंचायत, वार्ड नंबर 04 में जल नल योजना की गंभीर अनियमितता उजागर हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि पानी टंकी के संचालक रात के अंधेरे में मोटा पाइप लगाकर अपने निजी पोखर को भरते हैं। इस दौरान संचालक जल नल योजना की मोटर का उपयोग करते हुए टंकी से पानी निकालकर सीधे अपने तालाब में भरते नजर आते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी मौजूद है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि संचालक मोटा पाइप जोड़कर पोखर में पानी भर रहे हैं।

लोगों का कहना है कि जब उन्हें शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है और वे किल्लत झेल रहे हैं, तब संचालक सरकारी योजना के पानी का निजी उपयोग कर रहे हैं। सरकार द्वारा शुरू की गई जल नल योजना का उद्देश्य ग्रामीणों को सुरक्षित और स्वच्छ पानी उपलब्ध कराना था। लेकिन संचालक की इस लापरवाही और निजी लाभ की प्रवृत्ति से योजना का असली मकसद विफल हो रहा है।


