*आंधी-बारिश से 99% फसल बर्बाद, जमीनी आकलन कर मुआवजा देने की मांग*
जगदूत न्यूज खगड़िया बिहार ब्यूरो चीफ प्रभु जी खगड़िया जिले में हालिया आंधी-बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। कई प्रखंडों में फसलों को भारी नुकसान हुआ है, जिससे किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। वार्ड सदस्य संघ के जिला कोषाध्यक्ष गुड्डू साह ने सरकार से मांग की है कि फसल क्षति का जमीनी स्तर पर सही आकलन कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण करीब 99% किसानों की फसल नष्ट हो चुकी है, जिससे किसान पूरी तरह प्रभावित हैं। गुड्डू साह ने यह भी कहा कि मुआवजा देने में केवल रैयती किसानों ही नहीं, बल्कि बटेदार (साझेदारी पर खेती करने वाले) किसानों को भी शामिल किया जाए। अक्सर बटेदार किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता, जिससे उनकी स्थिति और खराब हो जाती है। उन्होंने सरकार से अपील की कि बिना देरी के प्रभावित किसानों को उचित और समय पर मुआवजा दिया जाए, ताकि वे दोबारा खेती के लिए तैयार हो सकें और आर्थिक संकट से उबर सकें।


