जगदूत न्यूज खगड़िया बिहार ब्यूरो चीफ प्रभु जी खगड़िया जिला अधिकारी श्री नवीन कुमार द्वारा सभी गैस एजेंसी संचालकों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी एजेंसियां गैस सिलेंडर घर-घर पहुंचाना सुनिश्चित करें, ताकि गोदामों पर भीड़ और लंबी कतारों की स्थिति समाप्त हो सके। भीड़ नियंत्रण के लिए सभी गैस गोदामों के बाहर धारा-144 लागू कर दी गई है तथा एसडीओ को नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। समीक्षा के दौरान पाया गया कि बेलदौर की 1 तथा खगड़िया की 2 गैस एजेंसियों में बैकलॉग लंबित है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित एजेंसियों को सख्त निर्देश देते हुए प्राथमिकता के आधार पर बैकलॉग को शीघ्र समाप्त करने को कहा है। साथ ही सभी लंबित बुकिंग को 3–4 दिनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर राहत मिल सके। होम डिलीवरी व्यवस्था को सुरक्षित और निर्बाध बनाए रखने हेतु प्रशासन एवं पुलिस को सक्रिय रखा गया है तथा वितरण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए आवश्यक समन्वय सुनिश्चित किया गया है। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए मोबाइल, व्हाट्सऐप सहित विभिन्न माध्यमों से गैस बुकिंग की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। जिलाधिकारी ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें, अनावश्यक भंडारण न करें और आवश्यकता के अनुसार ही गैस बुकिंग करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर एवं सुचारु रूप से गैस उपलब्ध हो सके।
जिला अधिकारी नवीन कुमार ने गैस उपभोक्ताओं की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए होम डिलीवरी व्यवस्था को लागू करने के लिए सभी गैस एजेंसी संचालक को सख्त निर्देश दिए
सम्बंधित खबरें
नई खबरें


