*2005 से बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था में लगातार सुधार जारी, महिलाओं को आरक्षण,जीविका मॉडल से सशक्तिकरण बढ़ चला*
JNA/ अजय वर्मा,प्रमंडलीय ब्यूरो हेड,
शास्त्री नगर, मुंगेर। समृद्धि यात्रा पर गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुंगेर पहुंचे, जहां विकास योजनाओं की झड़ी लगाते हुए उन्होंने जिले को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 8718.51 लाख रुपये की 52 योजनाओं का उद्घाटन और 3159.91 लाख रुपये की 24 योजनाओं का शिलान्यास किया। वहीं उन्होंने कष्टहरणी घाट के सुंदरीकरण कार्य काे देखा और मुंगेर-सबौर के बीच बन रहे गंगा पथवे के एलाइमेंट की जानकारी ली। इधर सफियासराय हवाई अड्डा पर आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि नवंबर 2005 में एनडीए की सरकार बनने के बाद राज्य ने विकास की नई दिशा पकड़ी। उन्होंने कहा कि 24 नवंबर 2005 से शुरू हुई यह यात्रा आज बिहार की तस्वीर और तकदीर बदलने का काम कर रही है।सीएम ने कानून-व्यवस्था को सरकार की पहली प्राथमिकता बताते हुए कहा कि पहले शाम ढलते ही लोग घरों में दुबक जाते थे, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। आज लोग रात में भी निडर होकर घरों से बाहर निकलते हैं।उन्होंने कहा कि 2005 से पहले शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं बदहाल थीं, लेकिन अब हर क्षेत्र में व्यापक सुधार हुआ है।
शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि राज्य में नए स्कूल खोले गए, छात्राओं को पोशाक और छात्रवृत्ति योजनाओं से जोड़ा गया।वर्ष 2023 से बड़े पैमाने पर शिक्षक बहाली शुरू हुई, जिसके तहत 2.58 लाख शिक्षकों की नियुक्ति की गई। वर्तमान में राज्य में 5.24 लाख शिक्षक कार्यरत हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं में हुए बदलाव को ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2006 से मुफ्त दवा और इलाज की व्यवस्था लागू की गई। पहले जहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में औसतन 39 मरीज ही भर्ती होते थे, वहीं अब हर महीने करीब 11,600 मरीजों का इलाज हो रहा है। मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ाकर 12 कर दी गई है और इसे और बढ़ाने की दिशा में काम जारी है।उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण, कृषि और मत्स्य पालन के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है और बिहार अब मछली उत्पादन में आत्मनिर्भर बन चुका है। अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है।सामाजिक न्याय की दिशा में उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि नगर निकाय और पंचायत चुनावों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। साथ ही, सरकारी नौकरियों और पुलिस में भी महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है वहीं जीविका मॉडल की सफलता पर गर्व जताते हुए उन्होंने कहा कि आज राज्य में 11 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं, जिनसे 1.59 करोड़ महिलाएं जुड़ी हैं। इस मॉडल को पूरे देश में अपनाया गया है। सीएम ने स्टालों का भी जायजा लिया। जेएनए के अनुसार सीएम ने केंद्र सरकार के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि बजट और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार सहयोग मिल रहा है, जिससे विकास को गति मिली है।उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में बिहार विकास के नए मुकाम स्थापित करेगा। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, सांसद सह केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह, मंत्री विजय कुमार चौधरी और प्रभारी मंत्री संजय कुमार सहित कई प्रतिनिधि मौजूद दिखे।
‘बदला बिहार, बढ़ चला जनता का विश्वास’: मुंगेर में बोले सीएम , मुंगेर में 8718.51 लाख की 52 योजनाओं का उद्घाटन
सम्बंधित खबरें
नई खबरें


