जगदूत न्यूज अनिल कुमार गुप्ता ब्यूरो प्रमुख जहानाबाद बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनज़र आज दिनांक 22 सितम्बर, 2025 को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी, जहानाबाद श्रीमती अलंकृता पांडेय द्वारा जहानाबाद जिला अंतर्गत 217-घोसी विधानसभा क्षेत्र के हुलासगंज प्रखंड एवं 218-मखदुमपुर विधानसभा क्षेत्र के मखदुमपुर प्रखंड के विभिन्न मतदान केन्द्रों पर न्यूनतम आधारभूत सुविधा (AMF) का निरीक्षण किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा सर्वप्रथम 218-मखदुमपुर विधानसभा के मखदुमपुर प्रखंड अंतर्गत मतदान केन्द्र संख्या-102 प्राथमिक विद्यालय, इस्माइलपुर तथा मतदान केन्द्र संख्या-141 मध्य विद्यालय, मठ भगवानपुर का निरीक्षण किया गया। दोनों ही मतदान केन्द्र भवन निर्माणाधीन पाए गए। इस पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि दिनांक 30 सितम्बर, 2025 तक शत-प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा कराते हुए न्यूनतम आधारभूत सुविधा (AMF) उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही 217-घोसी विधानसभा क्षेत्र के हुलासगंज प्रखंड के निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्र संख्या 304 प्राथमिक विद्यालय सलेमपुर, हुलासगंज का भी दौरा किया गया। यहाँ की स्थिति खराब पाए जाने पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने तत्कालीन प्रधानाचार्य (HM) पर कार्रवाई का आदेश दिया और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, हुलासगंज पर प्रपत्र क गठित करते हुए तत्काल निलंबन का निर्देश दिया ।इसके अतिरिक्त, उर्दू प्राथमिक विद्यालय फिरोजी काको का भी निरीक्षण किया गया और आवश्यक सुधार कार्यों के लिए निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने विशेष रूप से यह निर्देश दिए कि मतदान केन्द्रों पर रैंप, सुलभ शौचालय, पर्याप्त पेयजल, लाइटिंग और विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि मतदान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा न आए, सभी तकनीकी और आधारभूत आवश्यकताओं को समय से पूरा किया जाए, और मतदाताओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक मतदान अनुभव प्रदान किया जाए। इस अवसर पर 218 मखदुमपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता श्री अनिल कुमार सिन्हा,217-घोसी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सह भूमि सुधार उपसमाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक पदाधिकारी, सह प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित थे।


