जेएनए/आर वर्मा/सुरेश नायक पत्रकार नगर खगड़िया।आज़ दिनांक 18-03-2026 को नव जागृति संस्था, खगड़िया द्वारा संचालित तथा टाटा ट्रस्ट के सहयोग से चल रहे “कोशी सहजीवन कार्यक्रम” के अंतर्गत चौथम प्रखंड के बुच्चा पंचायत में एक बहुउद्देश्यी शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बकरी स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा एवं मक्का खेती से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए।कार्यक्रम के दौरान जिला पशुपालन विभाग की टीम द्वारा लगभग 130 बकरियों का इलाज किया गया तथा विभिन्न बीमारियों से बचाव हेतु दवाइयों का वितरण किया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि इस तरह के शिविर से बकरी पालन के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और पशुओं की मृत्यु दर में कमी आएगी, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी।सामाजिक सुरक्षा शिविर के तहत आज विशेष रूप से स्मार्ट कार्ड आवेदन पर ध्यान केंद्रित किया गया, जिससे जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।मक्का खेती प्रशिक्षण सत्र में लगभग 75 किसानों ने भाग लिया। नव जागृति संस्था के कर्मचारी श्री गौतम कुमार एवं श्री अनिल कुमार द्वारा किसानों को वर्तमान समय में मक्का में लगने वाली बीमारियों, उनके नियंत्रण एवं उचित देखभाल के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि इस समय मक्का में बाल एवं दाना निकलने की अवस्था होती है, जिसमें खाद एवं सिंचाई का विशेष महत्व होता है, क्योंकि यही उपज को निर्धारित करता है।नव जागृति संस्था के सचिव श्री जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि संस्था मक्का खेती के साथ-साथ बकरी पालन एवं सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में भी निरंतर कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से इस प्रकार के शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस माह चौथम एवं मानसी प्रखंड में 5 से 7 ऐसे और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक किसान लाभान्वित हो सकें।कार्यक्रम के अंत में श्री सिंह ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए जिला पशुपालन विभाग की टीम एवं नव जागृति संस्था,खगड़िया के सभी CRP एवं अन्य स्टाफ का आभार व्यक्त किए।


