जगदूत न्यूज अनिल कुमार गुप्ता ब्यूरो प्रमुख जहानाबाद आईएमए के पूर्व प्रेसिडेंट व प्राख्यात सर्जन डा.सहजानंद ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा
जहानाबाद : आईएमए के पूर्व नेशनल प्रेसिडेंट व प्रख्यात सर्जन डा. सहजानंद प्रसाद सिंह ने कहा कि जहानाबाद जिस तरह से पूर्व में खराब सामाजिक व राजनीतिक हालातों का दंश झेला है, ऐसे में यहां एक बेहतर माहौल का निर्माण सबसे बड़ी जरूरत है। वे शनिवार को यहां जद यू कार्यालय में जिलाध्यक्ष गोपाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे। मौके पर पार्टी नेता रंगनाथ शर्मा, जिला प्रवक्ता अमित कुमार पम्मू,बिट्टु शर्मा सहित कई अन्य पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद थे। डा.सिंह ने कहा कि गत लोकसभा चुनाव में यहां के लोगों ने एक नई सामाजिक-राजनीतिक धारा का उदय किया था। इस धारा के निर्माण में कुछ प्रभावी सामाजिक इकाईयों के अलावा समाज के विभिन्न छोटे समूहों की बड़ी भूमिका रही थी। कुल मिलाकर कई प्रभावशाली माने जाने वाले सामाजिक समूहों के अलावा छोटे-छोटे सामाजिक समूहों के लोगों ने भी पहली बार यहां चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी को सांसद चुनने में बड़ी भूमिका निभाई थी। डा. सिंह ने कहा कि सांसद बनने के बाद श्री चंद्रवंशी ने जो सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल किया, वह यह है कि जहानाबाद में एक बेहतर शांतिपूर्ण सामाजिक व राजनीतिक महौल निर्माण में बड़ी भूमिका निभाई। मौके पर रहे सांसद ने कहा कि उनकी कोशिश रही कि सबको साथ लेकर चलें। लेकिन बावजूद इसके कई लोगों व समूह संतुष्ट नहीं हो सके हैं। आगे मौका मिला तो वे अपनी कमियों को दूर करने की पूरी कोशिश करेंगे। सांसद ने कहा कि जहां तक विकास की बात है, यह एक सतत प्रक्रिया है। हो सकता है कि वे विकास को अपेक्षित आयाम देने में इस दफे विभिन्न वजहों से सफल नहीं हुए हों लेकिन जहानाबाद में एक बेहतर सामाजिक माहौल के निर्माण में बड़ी भूमिका का निर्वहन करने की भरसक कोशिश की है, जो यहां के लोगों को बड़ी शिद्दत से जरूरत थी। उन्होने कहा कि वे सबको साथ लेकर चलने वाले नेता हैं लेकिन बावजूद इसके हालातों की वजह से वे सभी लोगों को इस दफे खुश नहीं कर सके हैं। उन्होने उम्मीद जताते हुए कहा कि आगे मौका मिलने पर वे अपनी कमियों को दूर करने में कामयाब होंगे। उन्होने दावा किया कि पीएम मोदी के करिश्माई नेतृत्व में देश तेजी से सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हालात की जरूरत को समझते हुए व्यापक समाज व राष्ट्र हित में जहानाबाद के लोगों को भी एनडीए का समर्थन करना चाहिए।


