जेएनए/ आर आर वर्मा गोपालगंज। जिले में शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में “विद्यार्थी दर्पण” पत्रिका का अनावरण आज ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी गोपालगंज, जिला शिक्षा पदाधिकारी गोपालगंज तथा OSD संदीप कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। “विद्यार्थी दर्पण” एक त्रैमासिक पत्रिका है, जिसे जिला शिक्षा विभाग, गोपालगंज एवं टीचर्स ऑफ बिहार के संयुक्त तत्वावधान में प्रकाशित किया गया है। यह पत्रिका विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, विज्ञान, नवाचार, कौशल एवं करियर मार्गदर्शन जैसे विषयों पर आधारित है, जो उन्हें भविष्य के लिए तैयार करने का प्रयास करती है। पत्रिका के मुख्य संपादक उच्च विद्यालय लरौली के कंप्यूटर विज्ञान शिक्षक मनीष कुमार हैं, जिन्होंने इस पहल को साकार रूप दिया। तकनीकी सहयोग शिवेंद्र प्रकाश सुमन द्वारा प्रदान किया गया है, जिससे पत्रिका को आधुनिक और आकर्षक स्वरूप मिला है। इस पत्रिका के प्रकाशन में जिला शिक्षा पदाधिकारी योगेश कुमार एवं टीचर्स ऑफ बिहार के संस्थापक शिव कुमार का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जिसके फलस्वरूप यह पत्रिका विद्यार्थियों के समग्र विकास हेतु एक सशक्त मंच के रूप में सामने आई है।पत्रिका में विज्ञान एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), पर्यावरण एवं स्वच्छ ऊर्जा, पुस्तकों एवं कहानियों, करियर एवं जीवन कौशल जैसे विविध विषयों को सरल एवं रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। यह कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि “विद्यार्थी दर्पण” न केवल विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन में सहायक होगी, बल्कि उनमें नई सोच और आत्मविश्वास भी विकसित करेगी। यह पत्रिका शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और गुणवत्ता को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। टीचर्स ऑफ बिहार के प्रदेश प्रवक्ता रंजेश कुमार एवं प्रदेश मीडिया संयोजक मृत्युंजय कुमार ने संयुक्त रूप से कहा कि “विद्यार्थी दर्पण” पत्रिका विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह न केवल शिक्षा को रोचक और व्यवहारिक बनाती है, बल्कि विद्यार्थियों को आधुनिक युग की आवश्यकताओं—जैसे तकनीकी ज्ञान, नवाचार और करियर जागरूकता—से भी जोड़ती है। उन्होंने आगे कहा कि टीचर्स ऑफ बिहार हमेशा से शिक्षा में सकारात्मक बदलाव, नवाचार और शिक्षकों-विद्यार्थियों के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रहा है, और “विद्यार्थी दर्पण” उसी दिशा में एक सशक्त प्रयास है। अंत में सभी ने आशा व्यक्त की कि यह पत्रिका जिले के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए मार्गदर्शन प्रदान करेगी।
शिक्षा विभाग गोपालगंज एवं टीचर्स ऑफ बिहार द्वारा संयुक्त रूप से प्रकाशित ‘विद्यार्थी दर्पण’ पत्रिका का भव्य अनावरण
सम्बंधित खबरें
नई खबरें


