जगदूत न्यूज अनिल कुमार गुप्ता ब्यूरो प्रमुख जहानाबाद बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2025 के सफल एवं निर्विघ्न संचालन हेतु आज दिनांक 24 सितंबर 2025 को जहानाबाद जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के नव पदस्थापित सेक्टर पदाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।इस अवसर पर नोडल पदाधिकारी प्रशिक्षण कोषांग, मास्टर प्रशिक्षक तथा पुलिस पदाधिकारी द्वारा प्रशिक्षण सत्र का संचालन किया गया। प्रशिक्षण के दौरान V1 से V5 प्रपत्रों का विस्तार से व्याख्यान किया गया। प्रशिक्षण में सेक्टर पदाधिकारियों एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान उनके कर्तव्य एवं दायित्व, मतदान केन्द्रों की सुव्यवस्थित व्यवस्था, विधि-व्यवस्था बनाए रखने, सामग्री प्रबंधन एवं समयबद्ध रिपोर्टिंग के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि सेक्टर पदाधिकारी चुनाव के दौरान निर्वाचन प्रबंधन की रीढ़ होते हैं और उनकी सक्रिय भूमिका निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण है।कार्यक्रम के अंत में जिला स्वीप आइकॉन श्री अमित कुमार तथा जिला स्वीप नोडल पदाधिकारी द्वारा सभी उपस्थित सेक्टर पदाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारी को मतदाता शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर सभी को यह संकल्प दिलाया गया कि वे स्वयं मतदान करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे ।साथ ही उनसे यह भी अपील की गई कि वे मतदाताओं को सहयोग करते हुए उन्हें मतदान केन्द्र तक लाने के लिए प्रेरित करें ताकि कोई भी योग्य मतदाता अपने मताधिकार के प्रयोग से वंचित न रह जाए। यह सुनिश्चित करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है कि हर मतदाता निर्भीक होकर मतदान केन्द्र पर पहुँचे और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी निभाए।


