जगदूत न्यूज अनिल कुमार गुप्ता ब्यूरो प्रमुख जहानाबाद आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के सफल आयोजन के मद्देनजर जिले में मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट से परिचित कराने तथा उनमें जागरूकता का प्रसार करने हेतु अनुमंडल परिसर में स्थापित ईवीएम प्रदर्शन केंद्र (EVM Demonstration Center – EDC) का आज अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) श्री विनय कुमार सिंह द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने ईवीएम के कार्य प्रणाली, प्रशिक्षण प्रक्रिया एवं आगंतुकों को दी जा रही जानकारी का सूक्ष्म अवलोकन किया। निरीक्षण के क्रम में सहायक स्वीप नोडल सह जिला परियोजना पदाधिकारी, नमामि गंगे श्री अमित कुमार भी उपस्थित रहे। उन्होंने नागरिकों से संवाद कर उनकी प्रतिक्रियाएं जानी । कुछ स्थानीय नागरिकों द्वारा भी केंद्र का भ्रमण किया गया एवं मॉक वोटिंग प्रक्रिया के माध्यम से ईवीएम और वीवीपैट के कार्य को प्रत्यक्ष रूप से समझा गया। इस केंद्र में बैलेट यूनिट (BU), कंट्रोल यूनिट (CU), एवं वीवीपैट (VVPAT) की व्यवस्था की गई है तथा प्रशिक्षित कार्मिकों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो सरल एवं स्थानीय भाषा में मतदान की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हैं। यह केंद्र दिनांक 15.07.2025 से कार्यरत है और अब तक सैकड़ों नागरिकों को मॉक वोटिंग के माध्यम से प्रशिक्षित किया जा चुका है। केंद्र पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति से फीडबैक प्राप्त कर उसका साप्ताहिक प्रतिवेदन निर्वाचन विभाग को भेजा जा रहा है। अपर समाहर्ता ने कहा कि “यह केंद्र मतदाताओं में मतदान प्रक्रिया के प्रति विश्वास एवं आत्मविश्वास पैदा करता है, साथ ही ईवीएम व वीवीपैट से जुड़ी भ्रांतियों को भी दूर करता है। इससे पारदर्शी, निर्भीक एवं सुगम मतदान की दिशा में जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता और सशक्त होती है। यह ईवीएम प्रदर्शन केंद्र चुनाव की अधिसूचना/प्रेस नोट जारी होने तक सक्रिय रहेगा, इसके उपरांत इसे बंद कर दिया जाएगा।


