जगदूत न्यूज अनिल कुमार गुप्ता ब्यूरो प्रमुख *जहानाबाद सड़क निर्माण, मरम्मति व भू-अर्जन कार्यों में तेजी लाने का निर्देश*
आज समाहरणालय सभा कक्ष में जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय की अध्यक्षता में ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल जहानाबाद तथा जिला भू-अर्जन कार्यालय के पदाधिकारियों और संवेदकों के साथ एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन कार्यक्रम (RRSMP), प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) एवं मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना (MMGSY) अंतर्गत चल रही विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले के सभी गड्ढा या मरम्मति योग्य पथों की मरम्मति 15 सितम्बर तक अनिवार्य रूप से पूरी की जाए। संवेदकों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने का आदेश दिया गया, अन्यथा उन्हें काली सूची में शामिल करने की चेतावनी दी गई। भू-अर्जन से संबंधित सभी लंबित मामलों में त्वरित कागजी कार्रवाई कर अधिग्रहण की राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में विभिन्न अंचलों की योजनाओं पर भी चर्चा की गई। काको प्रखंड अंतर्गत दरधा नदी पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण के संबंध में पेपर प्रकाशन, प्रशासनिक स्वीकृति, डीपीआर, अनुमानित लागत तथा प्रभावित खेसरा का खतियान उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। रतनी फरीदपुर अंचल के शाहपुर कुंडिला से कन्सुआ रामसे विगहा पथ का अद्यतन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का आदेश दिया गया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत शकुराबाद–घेजन से गालिमपुर पथ निर्माण हेतु SIA की राशि पर शीघ्र कार्रवाई करने की बात कही गई। मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना अंतर्गत कई परियोजनाओं की समीक्षा की गई जिनमें सिकन्दपुर–बजरंगबली–मेवा बाजार पथ, बालगढ़ हरिजन टोला–नेहालपुर–शकुराबाद पथ, घेजन–रूपसपुर पथ, भदसेरी–गोबल बिगहा पथ, जहानाबाद सदर का पण्डुई मठिया पथ, किनारी रामपुर–भवानीचक पथ, शकुराबाद हाई स्कूल–बलवा पथ, सईसताबाद–पछैती पथ, मोदनगंज अंचल का मसोढी–ओकरी–बजीतपुर पथ, सकरौढा–तिलक बिगहा पथ, घोषी अंचल का साहो विगहा मोड़ पथ तथा मखदुमपुर अंचल का एन.एच.-83 सूर्यमंदिर–तहबल बिगहा पथ और इन्द्रपुर–मायाविगहा पथ प्रमुख हैं। इन सभी परियोजनाओं के लिए प्रभावित खेसरा अंकन हेतु Tracing Cloth शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश संबंधित अंचल अधिकारियों को दिया गया।साथ ही वार्ड संख्या 05 में राजा बाजार पथ में सड़क एवं नाली निर्माण हेतु संवेदक को शीघ्र कार्य शुरू करने का निर्देश दिया गया। बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सभी सड़क निर्माण कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए। भू-अर्जन से जुड़े सभी मामलों में पारदर्शिता बनाए रखते हुए किसानों को समय पर मुआवजा भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं की प्रगति का नियमित अनुश्रवण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि जिले की विकासपरक योजनाएँ निर्धारित समय सीमा में पूरी हो सकें।


