30.1 C
Khagaria
Thursday, May 7, 2026

दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक सम्पन्न

जगदूत न्यूज अनिल कुमार गुप्ता ब्यूरो प्रमुख जहानाबाद जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक श्री विनित कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में आज जिला निबंधन सह परामर्श केन्द्र (DRCC) में जहानाबाद जिले की शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी शांति समिति सदस्यों एवं जिलेवासियों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दी। बैठक में जिला पदाधिकारी ने शांति समिति/दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों से अपील की कि जिन लोगों ने पूजा पंडाल के लिए अनुज्ञप्ति आवेदन दिया है, वे अपने पंडाल के दस-दस कार्यकर्ताओं के नाम और आधार संख्या उपलब्ध कराएँ, ताकि अनुज्ञप्ति निर्गत की जा सके। इसके साथ ही प्रत्येक पंडाल के लिए एक सदस्य को नोडल पूजा पंडाल/नोडल पूजा समिति के रूप में नामित करने एवं उसका नाम, पता और मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनसे संपर्क किया जा सके।सभी पूजा पंडालों में सुरक्षा एवं दुर्घटना रोकथाम के लिए एक समन्वय समिति गठित की गई है, जिसमें कार्यपालक अभियंता (नगर परिषद), कार्यपालक अभियंता (भवन एवं विद्युत), एवं जिला अग्निशामक पदाधिकारी शामिल हैं। बैठक में यह भी आश्वस्त किया गया कि सभी पंडालों में प्रकाश, साफ-सफाई और सड़क मरम्मती की समुचित व्यवस्था की जा रही है। रेलवे अंडरपास और राजा बाजार सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में पानी की निकासी की नियमित व्यवस्था की जाएगी। ठाकुरबाड़ी में केवल दो झूलों को अनुज्ञप्ति दी गई है, जिनमें प्रत्येक में दस बच्चों से अधिक क्षमता नहीं होगी। किसी अन्य स्थान पर झूला पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। जिला पदाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि दशहरा के अगले दिन मूर्ति विसर्जन सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त, सभी स्थानों पर CCTV कैमरे स्थापित किए जा रहे हैं, लाइटों की मरम्मत और आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त लाइटिंग की जा रही है। महत्वपूर्ण स्थलों के लिए मेडिकल टीम और चलंत शौचालय की व्यवस्था की गई है। सफाई कर्मियों को तीन-तीन शिफ्ट में नियुक्त करने का निर्देश दिया गया।पुलिस अधीक्षक ने सभी पूजा समितियों को स्पष्ट किया कि कहीं भी डीजे अनुज्ञप्ति नहीं दी जाएगी और किसी भी प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं होगा। इसके साथ ही एस.डी.आर.एफ. टीम एवं स्थानीय गोताखोरों की जानकारी भी सभी के लिए प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया है।

Prabhu Jee
Prabhu Jeehttp://www.jagdoot.in
ब्यूरो चीफ, खगड़िया (जगदूत न्यूज)
सम्बंधित खबरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

रिपोर्टर की अन्य खबरें
नई खबरें