जगदूत न्यूज अनिल कुमार गुप्ता ब्यूरो प्रमुख जहानाबाद शारदीय नवरात्र एवं विजयदशमी पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था की समीक्षा एवं संधारण हेतु जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडे एवं पुलिस अधीक्षक श्री विनित कुमार द्वारा संयुक्त रूप से प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ जिला निबंधन सह परामर्श केंद्र में ब्रिफिंग की गई। इस अवसर पर दोनों वरीय पदाधिकारियों ने सभी अधिकारियों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व श्रद्धा एवं सामाजिक समरसता का प्रतीक है। अतः सभी को जिलेवासियों को अपना परिजन मानकर निष्ठा एवं तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जहानाबाद जिले में कुल 172 स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी पदाधिकारी अपने ड्यूटी स्थल पर पूरी सतर्कता के साथ उपस्थित रहेंगे तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आयोजनों के दौरान Noise Pollution Control Rules के अनुसार 80 डेसीबल से अधिक ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा और उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। विसर्जन जुलूस के दौरान स्थैतिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल स्थल पर तब तक बने रहेंगे जब तक विसर्जन पूर्ण नहीं हो जाता। जिला पदाधिकारी ने कहा कि विधि-व्यवस्था किसी भी आयोजन की सफलता का आधार है, इसलिए कोताही कतई न बरती जाए। सभी अधिकारी अपने ड्यूटी स्थल को सप्तमी के पूर्व जाकर समझ लें। उनके द्वारा जारी विशेष निर्देशों में—1. दक्षिणी मेला स्थल सहित सभी 172 महत्वपूर्ण स्थलों पर प्रतिनियुक्त अधिकारी चौकन्ने रहेंगे तथा परिस्थिति अनुसार आवश्यक कदम उठाएंगे। 2. सभी पंडालों एवं प्रमुख बिंदुओं पर पेट्रोलिंग वाहन एवं 112 वाहन प्रतिदिन गश्ती करेंगे, प्रतिवेदन दर्ज करेंगे तथा असामान्य गतिविधियों की सूचना वरीय अधिकारियों को देंगे। 3. एसडीआरएफ एवं गोताखोरों की टीम स्टैंडबाई पर रहेगी। 4. विसर्जन जुलूस के दौरान ब्रेथ एनालाइजर का उपयोग कर नशे की हालत में हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। 5. 03 अक्टूबर को विसर्जन मार्ग एवं कार्यक्रम स्थलों की ड्रोन से निगरानी की जाएगी। संदिग्ध वस्तुएं या असामाजिक गतिविधियों की सूचना पर त्वरित कार्रवाई होगी। 6. दंडाधिकारी एवं संबद्ध पुलिस अधिकारी एक साथ रहकर भीड़ की स्थिति पर पल-पल नजर रखेंगे तथा आवश्यक जानकारी नियंत्रण कक्ष तक पहुंचाएंगे। 7. अग्नि सुरक्षा हेतु 29 सितम्बर से ही अग्निशमन वाहन नियंत्रण कक्ष, अरवल मोड़ एवं गौरक्षणी मंदिर परिसर में तैनात रहेंगे। दुर्घटना की स्थिति में वाहनों की आवाजाही हेतु पूर्व से कार्ययोजना तैयार रहेगी। अपने आदेशों में जिला प्रशासन यह स्पष्ट कर चुका है कि असामाजिक तत्वों के साथ-साथ सांप्रदायिक समरसता प्रभावित करने वाले तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी एवं यदि इस तरह के किसी भी घटना में किसी की संलिप्तता दृष्टिगोचर होती है तो वैधानिक एवं उचित प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित करने में प्रशासन कोई देरी नहीं करेगा। सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की इस दौरान नजर रहेगी एवं किसी भी तरह के गड़बड़ी करने वाले बख़्शे नहीं जाएंगे।अंत में जिला प्रशासन ने जिले के सभी वासियों को दुर्गा पूजा एवं विजयदशमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा यह संदेश दिया कि बुराई पर अच्छाई की जीत का यह पर्व सामाजिक सद्भाव एवं मंगलमय वातावरण का प्रतीक है।


