26.9 C
Khagaria
Saturday, May 2, 2026

श्रमिक दिवस पर श्रमिक सम्मान जागरूकता कार्यशाला में श्रमिक कल्याण योजनाओं पर व्यापक चर्चा

जगदूत न्यूज अनिल कुमार गुप्ता ब्यूरो प्रमुख जहानाबाद अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस (मई दिवस) के अवसर पर जहानाबाद के संयुक्त श्रम भवन में श्रमिकों के सम्मान एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रम अधीक्षक, जहानाबाद श्री मृत्युंजय कुमार झा द्वारा की गई।
कार्यक्रम के प्रारंभ में श्रम अधीक्षक श्री झा ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि श्रम विभाग श्रमिकों के समग्र कल्याण हेतु प्रतिबद्ध है। उन्होंने विशेष रूप से असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा निर्माण श्रमिकों के लिए जन्म से लेकर मृत्यु तक एक दर्जन से अधिक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। श्रमिकों का पंजीकरण एवं योजनाओं के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से की जा रही है, जिससे पारदर्शिता एवं सुविधा सुनिश्चित हो सके। इसके अतिरिक्त बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना-2011 के अंतर्गत राज्य के भीतर एवं अंतर्राज्यीय प्रवासी मजदूरों के लिए दुर्घटना अनुदान योजना संचालित है। इस योजना के तहत अन्य राज्यों अथवा विदेशों में कार्यरत असंगठित श्रमिकों की दुर्घटना में मृत्यु होने पर उनके आश्रितों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। कार्यशाला में बाल श्रम एवं बंधुआ श्रम जैसी सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन हेतु विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष धावा दलों की जानकारी दी गई। साथ ही प्रवासी मजदूरों के हितों की रक्षा से संबंधित विभिन्न प्रावधानों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में विभिन्न प्रखंडों के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए, जिनमें श्री रामबाबू कुमार (मोदनगंज/काको प्रभारी), श्री अजय कुमार यादव (घोसी), श्री संजय कुमार प्रकाश (हुलासगंज), श्रीमती पद्मजा (रतनी-फरीदपुर) एवं सुश्री आकृति राज (जहानाबाद) शामिल थे।
इसके अतिरिक्त श्रमिक संगठनों एवं गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। इनमें श्री सुरेन्द्र मिस्त्री, श्री अनिल कुमार, श्री गौतम कुमार विकास (जन साहस), श्री सर्वेश कुमार (जिला समन्वयक, सेंटर डायरेक्ट) तथा श्री नवीन कुमार (तटवासी समाज न्यास) प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।कार्यशाला का उद्देश्य श्रमिकों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना तथा उनके सशक्तिकरण की दिशा में ठोस पहल करना था।

Prabhu Jee
Prabhu Jeehttp://www.jagdoot.in
ब्यूरो चीफ, खगड़िया (जगदूत न्यूज)
सम्बंधित खबरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

रिपोर्टर की अन्य खबरें
नई खबरें