जगदूत न्यूज अनिल कुमार गुप्ता ब्यूरो प्रमुख जहानाबाद आगामी दुर्गा पूजा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन हेतु जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक श्री विनीत कुमार के निर्देशानुसार अनुमंडल पदाधिकारी श्री राजीव रंजन सिन्हा तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री मनीष चंद्र चौधरी के संयुक्त नेतृत्व में दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पूजा आयोजन संबंधी दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सर्वप्रथम पर्यावरण विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के पालन पर बल दिया गया। समिति के सदस्यों से अपील की गई कि मूर्ति की ऊँचाई 20 फीट तथा पंडाल की ऊँचाई 40 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। साथ ही पूजा पंडालों में महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग दर्शन दीर्घा बनाने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा कार्यकर्ताओं को पहचान पत्र निर्गत कर पंडाल परिसर के आसपास उनकी तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को अतिक्रमण हटाने, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। अनुमंडल पदाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जुलूस निकालने, मूर्ति बैठाने एवं विसर्जन हेतु आवश्यक अनुज्ञप्ति समय पर प्राप्त करें तथा इसमें कम से कम 25 कार्यकर्ताओं का नाम उपलब्ध कराएं। मूर्ति विसर्जन के समय डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही सभी पूजा समितियों से अपील की गई कि विसर्जन के अवसर पर मूर्ति की आरती एक निश्चित स्थल पर ही की जाए ताकि समुचित व्यवस्था एवं शांति बनी रहे।


