जगदूत न्यूज अनिल कुमार गुप्ता ब्यूरो प्रमुख जहानाबाद जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय द्वारा चयनित शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया गया। कार्यालय शिक्षा विभाग, जहानाबाद द्वारा निपुण शिक्षक एवं उत्कृष्ट प्रधानाध्यापक के चयन हेतु स्व–नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ की गई थी। इसके अंतर्गत गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए गए, जिन पर कुल 35 नामांकन प्राप्त हुए। प्रथम चरण की स्क्रीनिंग उपरांत 20 प्रतिभागियों को सत्यापन हेतु चयनित किया गया, जबकि 15 प्रतिभागी जिला द्वारा निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरने के कारण छांट दिए गए। चयनित 20 प्रतिभागियों का सत्यापन विद्यालय भ्रमण एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी द्वारा सम्पन्न कराया गया। सत्यापन प्रक्रिया के पश्चात 11 प्रतिभागी जिला द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए। इनमें 7 उत्कृष्ट प्रधानाध्यापक एवं 4 उत्कृष्ट शिक्षक शामिल थे, जिन्हें समारोह में सम्मानित किया गया। जिला द्वारा निर्धारित चयन मानक इस प्रकार थे । शिक्षकों के साथ नियमित एवं प्रभावी शैक्षिक बैठकें। अभिभावक–शिक्षक संगोष्ठी में नवाचार। शिक्षण–अधिगम प्रगति का ट्रैकिंग एवं सुधारात्मक कार्रवाई। शिक्षा विभाग द्वारा प्रदत्त सामग्री का प्रभावी एवं उद्देश्यपूर्ण उपयोग। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी ने चयनित प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं और कहा कि ये सभी शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में जिले के लिए प्रेरणा–स्रोत हैं।


