जगदूत न्यूज अनिल कुमार गुप्ता ब्यूरो प्रमुख जहानाबाद स्वामी सहजानन्द सरस्वती संग्रहालय, जहानाबाद की स्थापना वर्ष 1981 में बिहार पुरातत्व एवं संस्कृति परिषद द्वारा निबंधित कर की गई थी। प्रारंभ में यह संग्रहालय स्थानाभाव के कारण अनुमंडल कार्यालय के एक कक्ष में संचालित होता था, जहाँ कई प्राचीन एवं दुर्लभ मूर्तियाँ संग्रहित थीं। संग्रहालय भवन निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने के लिए बिहार पुरातत्व एवं संस्कृति परिषद, गया के सचिव श्री सरयुग प्रसाद सिंह द्वारा अनुरोध किया गया था। इसके उपरांत अंचल अधिकारी, जहानाबाद द्वारा गांधी मैदान के पश्चिमी भाग में स्थित खाली एवं अव्यवहृत भूमि का प्रस्ताव भेजा गया। तत्पश्चात अभिलेख तैयार कर समाहर्ता, गया को प्रेषित किया गया। दिनांक 04 मार्च 1984 को तत्कालीन अनुमंडल पदाधिकारी, जहानाबाद श्री शक्ति कुमार नेगी के नेतृत्व में तथा कार्यकारिणी समिति की देखरेख में संग्रहालय भवन का शिलान्यास मगध प्रमंडल, गया के आयुक्त श्री समरेन्द्र नाथ विश्वास द्वारा किया गया। संग्रहालय के पूर्वी कक्ष का निर्माण जनसहयोग एवं रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा, जहानाबाद द्वारा कराया गया। दिनांक 19 अगस्त 1992 को तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री लालू प्रसाद यादव द्वारा संग्रहालय का उद्घाटन किया गया। वर्ष 2006 में तत्कालीन जिला पदाधिकारी श्री राणा अवधेश के प्रयास से राष्ट्रीय सम विकास योजना के अंतर्गत संग्रहालय भवन का जीर्णोद्धार एवं विस्तार कराया गया। संग्रहालय के संचालन हेतु प्रारंभ में कोई वित्तीय व्यवस्था नहीं थी। बाद में कार्यकारिणी समिति के अनुरोध पर पूर्व सांसद डॉ. जगदीश शर्मा के प्रयास से एक कोष का गठन किया गया, जिससे अब तक संग्रहालय का संचालन किया जा रहा है।
वर्तमान में संग्रहालय भवन जर्जर अवस्था में है, जिसे पूर्ण रूप से ध्वस्त कर नए भवन के निर्माण की आवश्यकता है। इस पर समुचित कार्रवाई हेतु विचार-विमर्श किया गया। जिला पदाधिकारी ने बैठक में प्राप्त सुझावों को गंभीरता से लेते हुए जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी को निर्देश दिया कि संग्रहालय से संबंधित सभी अभिलेख, प्राचीन एवं दुर्लभ मूर्तियों का विवरण तथा उनकी प्राप्ति से संबंधित जानकारी संकलित कर विभाग से आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया जाए। साथ ही मूर्तियों के संरक्षण हेतु भी दिशा-निर्देश प्राप्त करने को कहा गया, ताकि जीर्णोद्धार कार्य प्रभावी रूप से किया जा सके। बैठक में संग्रहालय के सफाई कर्मी के मानदेय वृद्धि पर भी विचार किया गया। साथ ही विभागीय निर्देशानुसार संग्रहालय का अंकेक्षण कराने हेतु पंचायत अंकेक्षण दल से प्रतिवेदन तैयार कर विभाग को भेजने का निर्देश दिया गया। यह भी बताया गया कि संग्रहालय परिसर में संचालित पुस्तकालय में छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु आते हैं, जबकि भवन जर्जर स्थिति में है। इस पर जिला पदाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से पुस्तकालय संचालन को अन्य सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने का निर्देश दिया।
बैठक में पूर्व सांसद एवं विशेष आमंत्रित सदस्य डॉ. अरुण कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री राजीव रंजन सिन्हा, जिला योजना पदाधिकारी श्री सुबोध कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्रीमती चांदनी कुमारी, डॉ. गिरजेश कुमार, कार्यकारिणी सचिव श्री गिर्जानंदन सिंह, जिला समन्वयक श्री पंकज कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
स्वामी सहजानन्द सरस्वती संग्रहालय, जहानाबाद, श्रीमती अलंकृता पाण्डेय की अध्यक्षता में संग्रहालय की कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई
सम्बंधित खबरें
नई खबरें


