जगदूत न्यूज अनिल कुमार गुप्ता ब्यूरो प्रमुख जहानाबाद। नवरात्रि पर्व के अवसर पर जहानाबाद में आयोजित डांडिया फेस्ट ने शहर में खूब धूम मचाई। परिवारों के साथ लगभग पाँच हज़ार लोग इस आयोजन में शामिल होकर झूमते-नाचते नज़र आए।कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सुदाय, जदयू नेता निरंजन केशव प्रिंस, मुकेश भारद्वाज और डॉ. रोहित राज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों को अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जहानाबाद हाईलाइट टीम की ओर से किया गया था। शुरुआत गणेश वंदना से हुई, जिसके बाद बच्चों ने एक से बढ़कर एक मंचीय प्रस्तुतियां दीं। बीच-बीच में डांडिया की ताल पर लोग जमकर थिरकते और पारिवारिक जोड़े झूमते दिखे। जदयू नेता निरंजन केशव प्रिंस भी स्टेज पर उतरकर लोगों के साथ नाचते दिखाई दिए और उपस्थित परिवारों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। दिल्ली और कोलकाता से आए कलाकारों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर माहौल को और खास बना दिया। भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था संभालने में जहानाबाद पुलिस पूरे समय सक्रिय और सहयोगी रही। कार्यक्रम के दौरान सहयोग करने वाले कई लोगों को डांडिया शिल्ड देकर सम्मानित किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में अमर कुमार के साथ सोनू केशरी, चन्दन कुमार, राखी केशरी, बरुण कुमार,श्याम,तथा जहानाबाद हाईलाइट ब्लॉगर टीम की विशेष भूमिका रही।


