जगदूत न्यूज अनिल कुमार गुप्ता ब्यूरो प्रमुख जहानाबाद श्रावणी मेले के क्रम में आगामी चतुर्थ सोमवारी को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी कड़ी में आज जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडे एवं पुलिस अधीक्षक श्री विनीत कुमार द्वारा बराबर स्थित बाबा सिद्धनाथ मंदिर परिसर एवं मेला परिसर का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने मंदिर मार्ग, जलाभिषेक स्थल, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा, महिला सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन को यह अनुमान है कि सावन की चतुर्थ सोमवारी को श्रद्धालुओं की संख्या में विशेष वृद्धि हो सकती है। इसे ध्यान में रखते हुए सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी, विशेषकर महिला पुलिस बल को निर्देशित किया गया है कि वे अब तक की भांति सतर्कता व संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था की रक्षा के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित, सहज एवं व्यवस्थित रूप से मंदिर तक पहुँचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।आज के दिन भी बाबा सिद्धनाथ के दरबार में पचास हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी थी, जिसमें डाक बम, सामान्य कांवड़ यात्री एवं महिला श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या शामिल रही। यह दृश्य बाबा के प्रति जनआस्था का जीवंत प्रमाण था।
श्रावणी मेले के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिसमें मेडिकल कैंप, पेयजल की व्यवस्था, स्वच्छता दल की तैनाती, ट्रैफिक प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम, एवं माइकिंग व्यवस्था शामिल हैं। सभी संबंधित विभागों को अपने दायित्वों के प्रति सजग एवं उत्तरदायी रहने के निर्देश दिए गए हैं।जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें, सहयोग बनाए रखें और सावन की इस पावन यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्ण ढंग से पूर्ण करें।


