*सिमरी बख्तियारपुर में पूर्व विधायक ने की प्रेस वार्ता, कहा- ‘पर्यटक’ नेताओं से कमजोर हो रही है पार्टी*
*बिहार के सभी प्रखंडों में जाएगी ‘आपका साथ चाहिए यात्रा’, चौथम से हुई है शुरुआत*
जेएनए/प्रिंस भगत सिमरी बख्तियारपुर/सहरसा |पार्टी के भीतर समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और संगठन की वर्तमान स्थिति को लेकर कांग्रेस के अंदर असंतोष के स्वर तेज होने लगे हैं। इसी कड़ी में आगामी 21 अप्रैल को खगड़िया के के.एन. क्लब में एक विशाल “कांग्रेस बचाओ सम्मेलन” का आयोजन किया जाएगा। यह घोषणा पूर्व विधायक सह एआईसीसी सदस्य छत्रपति यादव ने शुक्रवार को की।सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद क्षेत्र के स्टेशन चौक स्थित होटल क्राउन में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक छत्रपति यादव ने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पेश की। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में जिले भर के कांग्रेसी कार्यकर्ता और समर्थक भारी संख्या में जुटेंगे।दिल्ली धरने से पहले जिलों में हो रहा है शंखनाद….!पूर्व विधायक ने बताया कि गत 17 मार्च को पटना में ‘बिहार कांग्रेस बचाओ महासम्मेलन’ आयोजित किया गया था। उसी महासम्मेलन में लिए गए निर्णय के आलोक में दिल्ली में एक बड़ा धरना कार्यक्रम प्रस्तावित है। दिल्ली कूच से पहले बिहार के विभिन्न जिलों में ‘कांग्रेस बचाओ सम्मेलन’ आयोजित कर कार्यकर्ताओं को एकजुट किया जा रहा है।आपका साथ चाहिए यात्रा’ के जरिए मांग रहे जनसमर्थन…!संगठन में सकारात्मक बदलाव लाने और आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से बीते 25 मार्च से खगड़िया जिले के चौथम प्रखंड से “आपका साथ चाहिए यात्रा” का आगाज किया गया है। छत्रपति यादव ने बताया कि यह यात्रा खगड़िया से निकलकर धीरे-धीरे बिहार के सभी प्रखंडों और पंचायतों तक पहुंचेगी।
उन्होंने कहा, “यह यात्रा केवल राजनीतिक नहीं है, बल्कि एक यात्री के रूप में समाज की मूल समस्याओं को करीब से समझने और जनता से जुड़ाव बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम है।”नेतृत्व पर साधा निशाना: टिकटों में अनियमितता और ‘पर्यटक’ नेताओं पर चिंता…!प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व विधायक ने बिहार प्रदेश कांग्रेस की वर्तमान कार्यशैली पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने दो टूक कहा कि पार्टी इस वक्त एक कठिन संक्रमण काल से गुजर रही है। साल 2025 के आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण में अनियमितता की आशंकाओं और संगठन निर्माण के नाम पर मूल कार्यकर्ताओं को दरकिनार किए जाने से समर्पित .कांग्रेसी हताश हैं। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि पार्टी में “पर्यटक प्रवृत्ति” (पैराशूट नेताओं) के लोगों का बोलबाला बढ़ गया है, जिससे जमीनी स्तर पर संगठन कमजोर हो रहा है।आगामी यात्रा का यह रहेगा रूट चार्ट…!छत्रपति यादव ने ‘कांग्रेस बचाओ सम्मेलन’ में अधिक से अधिक लोगों से भाग लेने की अपील की। साथ ही यात्रा का कार्यक्रम साझा करते हुए बताया कि 5, 6 और 7 अप्रैल को चौथम प्रखंड तथा 8, 9 एवं 10 अप्रैल को बेलदौर प्रखंड के विभिन्न गांवों का सघन भ्रमण किया जाएगा।प्रेस वार्ता के मौके पर मुख्य रूप से कांग्रेस नेता मो. मेराज आलम, इंजीनियर सुभाष कुमार, मनोज यादव, विकास कुमार, जितेंद्र कुमार, आजाद कुमार, मिथिलेश कुमार और अनिल कुमार सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे।


