जगदूत न्यूज अनिल कुमार गुप्ता ब्यूरो प्रमुख जहानाबाद जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय, जहानाबाद में आज शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत निजी विद्यालयों में 25% आरक्षित सीटों पर नामांकन के लिए तीसरे चरण की ऑनलाइन रैंडमाइजेशन (लॉटरी) प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न की गई। इस पारदर्शी एवं पूर्णतः कंप्यूटरीकृत प्रक्रिया के माध्यम से जिले के विभिन्न निजी प्रारंभिक विद्यालयों के लिए कुल 372 बच्चों का चयन किया गया जिससे अब ये बच्चे निजी स्कूलों में मुफ्त गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी श्रीमती सरस्वती कुमारी ने बताया कि आरटीई अधिनियम तहत निजी विद्यालयों में 25% आरक्षित सीट का प्रावधान वंचित एवं कमजोर वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के समान अवसर प्रदान करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष एवं मानवीय हस्तक्षेप से मुक्त है, इसमें सभी पात्र बच्चों के साथ न्याय सुनिश्चित किया जाता है। लॉटरी प्रक्रिया की पूरी प्रक्रिया अभिभावकों, निजी विद्यालयों के प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विश्वसनीयता और पारदर्शिता के साथ पूर्ण हुई। नामांकन प्रक्रिया को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने निजी विद्यालयों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि चयनित बच्चों का विद्यालयों में स्वागत सकारात्मक वातावरण में किया जाए तथा किसी भी प्रकार का भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिक्षा विभाग द्वारा नामांकन प्रक्रिया की सतत निगरानी की जा रही है, ताकि अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।कार्यक्रम के अंत में चयनित बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर उपस्थित अभिभावकों में शिक्षा विभाग के प्रति विश्वास एवं उत्साह देखा गया।


