24.2 C
Khagaria
Thursday, April 30, 2026

जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जहानाबाद द्वारा आज स्थानीय वृद्ध आश्रम में विधिक जागरूकता शिविर सह संयुक्त निरीक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया

जगदूत न्यूज अनिल कुमार गुप्ता ब्यूरो प्रमुख जहानाबाद वृद्धजनों को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं एवं निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करना । इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह प्राधिकार अध्यक्ष ब्रजेश कुमार एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) सह प्रभारी सचिव श्री कौशलेंद्र कुमार शुक्ला की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने आश्रम में रह रहे वृद्धजनों से सीधा संवाद स्थापित कर उनके दैनिक जीवन, स्वास्थ्य, भोजन, आवास एवं पारिवारिक स्थिति से जुड़ी समस्याओं को सुना तथा समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में आश्रम की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया गया। अध्यक्ष द्वारा स्पष्ट किया गया कि माता-पिता एवं बुजुर्गों की उपेक्षा के विरुद्ध कानून में ठोस प्रावधान उपलब्ध हैं तथा ऐसे मामलों में जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही यह भी आश्वस्त किया गया कि न्यायालय एवं प्राधिकार के माध्यम से जरूरतमंदों को हरसंभव विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। अपने संबोधन में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने वृद्धजनों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए कहा कि यह केवल कानून तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय समाज एवं संस्कृति में भी बुजुर्गों का सम्मान एवं उनके प्रति कर्तव्य निहित है, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को निभाना चाहिए। कार्यक्रम में जहानाबाद जिला प्रशासन की ओर से सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग पूनम कुमारी उपस्थिति रही। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा वृद्ध आश्रमों में किए जा रहे कार्यों एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा संबंधित प्रयासों से अवगत कराया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन भी उनके द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर लीगल डिफेंस काउंसिल के सदस्य अधिवक्ता बैद्यनाथ शरण ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित “लीगल सर्विसेज टू सीनियर सिटीजन्स स्कीम, 2016” के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता, परामर्श एवं संरक्षण उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने उपस्थित वृद्धजनों को इस योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के संचालन का दायित्व भी अधिवक्ता बैद्यनाथ शरण द्वारा सफलतापूर्वक निभाया गया। आश्रम का संचालन कर रहे ग्रामीण विकास संघ के निदेशक श्री कृष्ण गुप्ता ने जानकारी दी कि वर्तमान में आश्रम में लगभग 25 असहाय एवं बेसहारा लोगों की सेवा की जा रही है। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद व्यक्तियों को आश्रय देकर उनकी देखभाल करना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है, जिसमें उनका परिवार भी सहयोग करता है। इस शिविर के माध्यम से वृद्धजनों को उनके अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं एवं सम्मानजनक जीवन के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि आश्रम में एक पैरा लीगल वॉलंटियर (PLV) की नियुक्ति की जाएगी, जो नियमित रूप से उनकी समस्याओं का संज्ञान लेकर उनके समाधान में सहयोग करेगा। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मी श्री मनोज कुमार दास, पीएलवी शशि भूषण कुमार सिंहा विमल कुमार,
सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं संस्था के सदस्यगण उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने इस पहल को समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Prabhu Jee
Prabhu Jeehttp://www.jagdoot.in
ब्यूरो चीफ, खगड़िया (जगदूत न्यूज)
सम्बंधित खबरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

रिपोर्टर की अन्य खबरें
नई खबरें