जगदूत न्यूज अनिल कुमार गुप्ता ब्यूरो प्रमुख जहानाबाद जिला स्तरीय प्रशिक्षण केंद्र, किसान भवन, जहानाबाद में आत्मा जहानाबाद के द्वारा बिहार बागवानी विकास सोसायटी पटना- मुख्यमंत्री बागवानी मिशन योजना के अंतर्गत जहानाबाद जिला के 126 महिला/पुरुष किसानों का “मशरूम उत्पादन तकनीक” विषय पर दो दिवसीय जिला अन्तर्गत कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक 14 दिसंबर 2023 तक संचालित होगा। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कृषि पदाधिकारी एवं परियोजना निदेशक आत्मा जहानाबाद श्री संजय कुमार के द्वारा विधिवत् रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि मशरूम उत्पादन किसान के लिए आमदनी का एक अतिरिक्त स्रोत हो सकता है। इसका उत्पादन घर में ही किसी कमरे में किया जा सकता है। मशरूम में कई तरह के पौष्टिक तत्व मौजूद होते हैं। इसमें अधिक मात्रा में प्राकृतिक प्रोटीन पाए जाते हैं, जो मानव स्वास्थ्य के लिए बहुत ही उपयोगी होते हैं। पोषण आहार के रूप में मशरूम लेने से बहुत फायदे हैं। इसका व्यापार कर किसान भाई बहन आत्मनिर्भर बन सकते हैं। समय के साथ बाजार में इसकी मांग बढ़ी है। मशरूम उत्पादन इकाई/प्लांट लगाकर किसान इसका सालों भर उत्पादन कर सकते हैं। उद्यान निदेशालय कृषि विभाग के द्वारा इस पर अनुदान दिया जा रहा है। प्रशिक्षक के रूप में श्री गौरव राज एवं श्री लौकेश कुमार प्रगतिशील कृषक के द्वारा मशरूम उत्पादन करने के तरीके, खाने योग्य मशरूम के प्रभेद- ओयस्टर, बटन, मिल्की आदि की विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही इससे बनने वाले उत्पाद जैसे- मशरूम का अचार, बिस्किट, नमकीन आदि के बारे में बताया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम दो दिवसीय है जिसमें विभागीय अनुदान, मशरूम के उत्पादन में आने वाली समस्याओं, उसके निराकरण आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। मौके पर उप परियोजना निदेशक आत्मा जहानाबाद श्री राकेश कुमार, लेखापाल श्री प्रभु कुमार, सहायक तकनीकी प्रबंधक श्री आलोक कुमार एवं श्री आदित्य प्रकाश के साथ प्रखंड उद्यान पदाधिकारी श्री अनिरुद्ध कुमार एवं श्री प्रमोद लाल चंद्रा के अलावा किसानों में रेशम कुमारी, रिया कुमारी, मंजू देवी, प्रियंका कुमारी, सबिता कुमारी, राधिका देवी, गोवर्धन प्रसाद, प्रकाश नारायण लाल, उपेंद्र कुमार, मिथलेश कुमार, अवधेश प्रसाद आदि उपस्थित थे।


