30.4 C
Khagaria
Wednesday, April 15, 2026

अम्बेडकर जयंती पर बोर्ड परीक्षा 2026 के टॉपर्स को किया सम्मानित, जय हिन्द विद्या मंदिर में भव्य आयोजन

JNA/जे पी शर्मा की रिपोर्ट जयपुर, 14 अप्रैल 2026। जय हिन्द विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में भारतरत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती के पावन अवसर पर प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रेरणादायी वातावरण में हुआ, जहां विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया गया। संस्था निदेशक अमित अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता निरंतर प्रयास, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिणाम होती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संस्था प्रधान निर्मला सैनी ने विद्यालय की निरंतर प्रगति का श्रेय विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं समस्त स्टाफ की कड़ी मेहनत, समर्पण और सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है, जिसके परिणामस्वरूप विद्यार्थी हर वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। विद्यालय के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि वर्ष 1997 में एक छोटे से संस्थान के रूप में स्थापित इस विद्यालय ने पिछले 29 वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। विद्यालय ने सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और हितों को सर्वोपरि रखा है और भविष्य में भी इसी दिशा में कार्य करता रहेगा। समारोह के अंत में सभी मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन उत्साह, प्रेरणा और गर्व के माहौल में हुआ, जहां विद्यार्थियों ने आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।

Prabhu Jee
Prabhu Jeehttp://www.jagdoot.in
ब्यूरो चीफ, खगड़िया (जगदूत न्यूज)
सम्बंधित खबरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

रिपोर्टर की अन्य खबरें
नई खबरें