जगदूत अनिल कुमार गुप्ता ब्यूरो प्रमुख जहानाबाद संविधान निर्माता एवं महान समाज सुधारक बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर जिला पदाधिकारी, जहानाबाद, श्रीमती अलंकृता पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक, जहानाबाद, श्री अपराजित लोहान द्वारा अंबेडकर चौक स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित किया गया। जिला पदाधिकारी ने लोगों को संबोधित कर कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल भारतीय संविधान के निर्माता ही नहीं हैं, बल्कि वे सामाजिक समता, न्याय और मानवाधिकारों के अग्रणी सुधारक भी थे। उन्होंने “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” का संदेश देकर समाज को नई दिशा प्रदान की। बाबा साहेब ने जाति, भेदभाव और सामाजिक असमानताओं के खिलाफ संघर्ष कर सभी नागरिकों के लिए समान अवसर और सम्मान का राह प्रशस्त किया। उनका जीवन हमें यह सिखाता है कि समाज परिवर्तन के लिए शिक्षा सबसे सशक्त माध्यम है। जिला पदाधिकारी ने उपस्थित लोगों को यह भी बताया कि बाबा साहेब द्वारा स्थापित संवैधानिक मूल्यों—स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व और सामाजिक न्याय—को आत्मसात करना हम सभी की जिम्मेदारी है। पुलिस अधीक्षक ने भी बाबा साहेब के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके आदर्शों पर चलकर ही समाज में शांति, न्याय और भाईचारे की स्थापना संभव है। अंत में जिला पदाधिकारी ने उपस्थित सभी लोगों से अपील की कि वे बाबा साहेब के विचारों एवं आदर्शों को अपने जीवन में अपनाए तथा आने वाली पीढ़ियों को भी उनके महान योगदान से अवगत कराए जिससे कि एक समावेशी समाज की स्थापना की जा सके। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।


