जगदूत न्यूज अनिल कुमार गुप्ता ब्यूरो प्रमुख
*जहानाबाद मे उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओ को किया गया सम्मानित*
जहानाबाद आज दिनांक 08 मार्च, 2026 को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला पदाधिकारी, जहानाबाद श्रीमती अलंकृता पाण्डेय की अध्यक्षता मे स्थानीय अब्दुलबारी नगर भवन मे भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ जिला पदाधिकारी द्वारा विधिवत दीप प्रज्वलित कर किया गया तथा आगत अतिथियों को पौधा एवं साल देकर स्वागत किया गया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राज्य संपोषित बालिका +2 उच्च विद्यालय, जहानाबाद की छात्राओं ने स्वागत गीत की प्रस्तुति किया। जिला पदाधिकारी ने अपने संबोधन मे सर्वप्रथम कार्यक्रम मे उपस्थित महिलाओ के साथ साथ समस्त महिलाओ को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामना दी तथा बताया कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस हर साल 8 मार्च को मनाया जाता है, जो महिलाओं के अधिकारों और उनकी उपलब्धियों का जश्न मनाने का एक महत्वपूर्ण दिन है। यह दिन महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक उपलब्धियों को मान्यता देने के साथ-साथ महिलाओं के अधिकारों और समानता के लिए जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है। इस वर्ष कार्यक्रम का थीम “Give to Gain” रखा गया, जिसका उद्देश्य समाज में सहयोग, समर्पण और साझेदारी की भावना को बढ़ावा देते हुए महिलाओं के सशक्तिकरण को नई दिशा देना था।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त ने अपने संबोधन में महिलाओं के सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आत्मनिर्भरता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज के समग्र विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और महिलाओं को सशक्त बनाकर ही एक सशक्त समाज एवं राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने विशेष रूप से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आने का आह्वान किया तथा पड़ोस, मोहल्ला एवं गांव स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने भी महिला सशक्तिकरण, शिक्षा के प्रसार, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक समानता के विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने महिलाओं की प्रतिभा, क्षमता और समाज निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर महिलाओं के सशक्तिकरण से संबंधित एक प्रेरणादायक फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसने उपस्थित लोगों को काफी प्रेरित किया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग, खेल विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस ,जीविका तथा कला एवं संस्कृति विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं ने अपनी उपलब्धियों और अनुभवों को साझा करते हुए अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ाना, उनकी उपलब्धियों को पहचान देना तथा आने वाली पीढ़ी को प्रेरित करना था। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों द्वारा महिलाओं के अधिकार, सम्मान एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ किया गया। उक्त कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी के साथ साथ उप विकास आयुक्त, डॉ. प्रीति, जनता दल (यूनाइटेड) जिला अध्यक्ष सागर कुमार देव उर्फ दिलीप कुशवाहा, नगर परिषद की चेयरमैन रूपा कुमारी विनोद कुमार गुप्ता उपाध्यक्ष जिला नागरिक परिषद, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, श्री राजीव कुमार, अपर समाहर्ता, विशेष कार्यक्रम, श्री तेज नारायण राय, अपर समाहर्ता, विभागीय जाँच श्री विनय कुमार सिंह, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस), श्रीमती रचना, सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, श्रीमती पूनम कुमारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, श्रीमती चाँदनी कुमारी, वरीय उप समाहर्ता सह जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, श्रीमती निपुन कुमारी, मुख्य चिकित्सा जिला परियोजना प्रबंधक (महिला एवं बाल विकास निगम), श्रीमती प्रियंका सिंह सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बालिकाएं उपस्थित रहीं।


