*दाननगर में 23 लाख की लागत से आरसीसी नाला निर्माण कार्य का शुभारंभ, ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत*
जगदूत न्यूज खगड़िया बिहार ब्यूरो चिप प्रभु जी खगड़िया: नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-15 अंतर्गत दाननगर में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। करीब 23 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आरसीसी नाला निर्माण कार्य का शुभारंभ नगर सभापति अर्चना कुमारी के द्वारा विधिवत नारियल फोड़कर किया गया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। लंबे समय से जलजमाव और निकासी की समस्या से जूझ रहे दाननगर के निवासियों को अब इस नाला निर्माण से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर बरसात के मौसम में प्रमुख सड़कों पर जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी, जिससे आवागमन भी सुगम हो जाएगा। नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में विकास कार्य तेजी से कराया जा रहा है और जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में कार्य पूरा कराया जाएगा। मौके पर वार्ड पार्षद कविता देवी, वार्ड पार्षद पप्पू यादव, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि चंद्रशेखर कुमार, अमरेश कुमार, रौशन कुमार, अनीश कुमार, पृथ्वी पटेल, नमन पंडित समेत कई गणमान्य लोग और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे। स्थानीय लोगों ने इस पहल के लिए नगर परिषद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्य क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।


