22.5 C
Khagaria
Sunday, May 3, 2026

बरई पंचायत में सात निश्चय योजना से बनी सड़क बदहाल, ग्रामीणों को भारी परेशानी

JNA/कौशल कुमार
पत्रकार नगर,खगड़िया जिला अंतर्गत बरई पंचायत के वार्ड नंबर 16 रहुआ गांव में मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत वर्ष 2018-2019 में बनी पीसीसी सड़क आज जर्जर हालत में पहुंच चुकी है। करीब ₹14,72,700 की लागत से बनी यह सड़क अब टूट-फूट का शिकार हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय समाजसेवी कुंदन कुमार चंचल ने बताया कि सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि गांव में एंबुलेंस तक नहीं पहुंच पाती। अगर किसी व्यक्ति की तबीयत बिगड़ जाए तो उसे गांव से बाहर ले जाना मुश्किल हो जाता है। कई बार मरीजों को गांव में ही इलाज कराना पड़ता है, जिससे उनकी जान जोखिम में पड़ जाती है।गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने में भी भारी दिक्कतें आती हैं। सड़क पर गड्ढे और उखड़ी हुई ढलाई के कारण वाहन चलाना जोखिम भरा हो गया है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब सड़क पर कीचड़ और पानी भर जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के बाद से अब तक इसकी मरम्मत नहीं हुई है, जिससे यह पूरी तरह से टूट चुकी है।ग्रामीणों ने कई बार पंचायत और प्रशासन से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि योजना के तहत सड़क तो बनी, लेकिन गुणवत्ता की अनदेखी की गई। अब यह सड़क सिर्फ नाम की रह गई है, जिससे न सिर्फ आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं।ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि इस सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए ताकि गांव में एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाएं सुचारु रूप से पहुंच सकें। साथ ही, उन्होंने सात निश्चय योजना के तहत बनी अन्य परियोजनाओं की भी गुणवत्ता जांच की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी समस्याओं से बचा जा सके।

Prabhu Jee
Prabhu Jeehttp://www.jagdoot.in
ब्यूरो चीफ, खगड़िया (जगदूत न्यूज)
सम्बंधित खबरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

रिपोर्टर की अन्य खबरें
नई खबरें