जगदूत न्यूज अनिल कुमार गुप्ता ब्यूरो प्रमुख जहानाबाद ईद उल फितर त्योहार, चैती छठ तथा रामनवमी पर्व हेतु जिले में विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए जगह-जगह पर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।जिला पदाधिकारी ने बताया कि ईद-उल-फितर पर्व के अवसर पर जिले में विशेष सतर्कता बरतने के लिए कुल 96 स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है जो लोगों पर निरंतर नजर बनाये रखेंगे। इसके अतिरिक्त जहानाबाद नगर परिषद क्षेत्र के कुछ संवेदनशील स्थानों को चिन्हित किया गया है, जिसमें काको मोड़, अरवल मोड़, राजा बाजार, अस्पताल मोड़, कचहरी मोड़ (ईरकी सहित), थाना रोड, ठाकुरबाड़ी (बुढ़वा महादेव सहित), सट्टी मोड़, प्यारी मुहल्ला, जाफरगंज, अम्बेदकर चौक, कारगिल चौक एवं आस-पास के स्थान शामिल हैं, जहाँ अतिरिक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी पुलिस बल के साथ अपने-अपने शिफ्ट में गश्ती करेंगे। इन्हें तीन शिफ्ट मे प्रतिनियुक्त किया गया है। साथ ही सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी एवं थाना अध्यक्ष को निदेश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ग्राम स्तरीय कर्मचारियों, चौकीदार, दफादारो इत्यादि से ईदगाह, मंदिरों एवं संवेदनशील स्थानों पर प्रतिनियुक्ति कर वहां की जानकारी प्राप्त करते रहेंगे तथा शांति व्यवस्था बनाये रखेंगे। साथ ही असामाजिक तत्वों के गतिविधियों पर भी नजर बनाए रखेंगे।जिला पदाधिकारी ने बताया कि ईद उल फितर त्योहार, चैती छठ तथा रामनवमी पर्व जिले में विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था को प्रभावशाली बनाये रखने के लिए अनुमंडल कार्यालय में नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जिसका दूरभाष संख्या 06114 – 223013 हैं, जिसके वरीय प्रभार मे अनुमंडल पदाधिकारी हैं। साथ ही जिला नियंत्रण कक्ष में आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशामक वाहन को चालक के साथ प्रतिनियुक्त किया गया है।जिला पदाधिकारी ने बताया कि इस संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है कि आपसी विद्वेष एवं अन्य अप्रिय घटना से घायल व्यक्तियों के त्वरित चिकित्सा की व्यवस्था के लिए सिविल सर्जन को निदेश दिया गया है कि जीवन रक्षक ऐम्बुलेंस सक्षम चिकित्सा दल के साथ प्रतिनियुक्त कर तैयार स्थिति में रखेंगे जो आवश्यकता पड़ने पर उपयोग में लाया जाए। जिला पदाधिकारी द्वारा मुख्य चौक-चौराहों पर ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट करने का निर्देश दिया गया। ईद-उल-फितर के अवसर पर उप विकास आयुक्त एवं अपर पुलिस अधीक्षक जिले में विधि व्यवस्था के संपूर्ण प्रभार मे रहेंगे।पुलिस अधीक्षक ने शरारती तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया तथा सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को बताया कि जिस प्रकार आप सभी ने जिले में होली, दूर्गापूजा, दीपावली, बकरीद इत्यादि पर्व/त्योहारों में विधि व्यवस्था का संधारण करायें हैं, उसी प्रकार आप ईद उल फितर त्योहार, चैती छठ तथा रामनवमी पर्व मे अपना कर्त्तव्य दृढ विश्वास एवं लगन के साथ करेंगें ताकि ईद त्योहार को जन साधारण शांतिपूर्ण वातावरण में मना सकें।


