जगदूत न्यूज अनिल कुमार गुप्ता ब्यूरो प्रमुख जहानाबाद जिलाधिकारी ने जहानाबाद और काको प्रखंड में जनगणना कार्य का निरीक्षण कर आम जनों को सहयोग हेतु किया प्रेरित भारत की जनगणना 2027 में स्व-गणना के बाद आज 02 मई 2026 से प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य प्रारंभ होकर दिनांक होकर 31 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस चरण में जिले के सभी 11 प्रखंडों में व्यापक स्तर पर गणना कार्य किया जा रहा है। जनगणना के इस महत्वपूर्ण चरण में सरकारी प्रगणक (Enumerator) घर-घर जाकर लोगों से जानकारी एकत्र कर रहे है। इसमें परिवार के सदस्यों की संख्या, मकान की स्थिति, पानी, बिजली, शौचालय जैसी सुविधाओं तथा घरेलू संसाधनों से संबंधित लगभग 33 प्रकार के प्रश्न के माध्यम से प्रत्येक मकान एवं उससे संबंधित आधारभूत सूचनाओं का संकलन किया जाएगा। इसी क्रम में आज दिनांक 02 मई 2026 को जिला पदाधिकारी सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी, जहानाबाद श्रीमती अलंकृता पाण्डेय द्वारा जहानाबाद प्रखंड के सिकरिया पंचायत अन्तर्गत कड़ौना एवं काको प्रखंड के नोनही पंचायत के सुरेन्द्र विगहा ग्राम में चल रहे जनगणना कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं प्रगणकों को आवश्यक दिशा-निर्देश तथा कार्य की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने आम नागरिकों को जनगणना कार्य के महत्व एवं उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए जागरूक किया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना 2027 के अंतर्गत सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं। जिला पदाधिकारी द्वारा आम जनों के मध्य आवश्यक जानकारी भी दी गई कि *जनगणना के क्रम में प्रगणक के द्वारा कोई दस्तावेज नही मांगा जायेगा। जैसे न आधार, न बैंक विवरण न ही संपत्ति से जुड़ा कोई कागजात। इसके साथ ही न कोई पैसा मांगा जाएगा, न कोई OTP, न कोई लिंक। सभी नागरिक धोखाधड़ी से सावधान रहें। किसी भी संदेह या धोखाधड़ी की सूचना के लिए 1855 टॉल फ्री नंबर डायल करें।* यह भी स्पष्ट किया है कि जनगणना के दौरान ली गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहेगी और इसका उपयोग केवल सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों के लिए किया जाएगा। इस अवसर पर अपर जिला जनगणना पदाधिकारी सह-जिला सांख्यिकी पदाधिकारी श्री पवन कुमार, जिला सूचना एवं संपर्क पदाधिकारी श्रीमती निपुन कुमारी,सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी श्री नवीन कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, काको, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी, काको, ग्रामीण जनसेवक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जनगणना कार्य पूर्णतः पारदर्शिता, सटीकता एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न हो। *जिला प्रशासन द्वारा आमलोगों से अपील है कि प्रगणक जब घर आये तो उन्हें उचित प्रवेश दें एवं पूरा सहयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं और भारत की जनगणना 2027 में अपना आवश्यक सहयोग प्रदान करें।


