28.5 C
Khagaria
Monday, May 4, 2026

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जहानाबाद द्वारा 77वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

जगदूत न्यूज अनिल कुमार गुप्ता ब्यूरो प्रमुख जहानाबाद  अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की स्थापना के 77वें वर्षगांठ के उपलक्ष्य में जहानाबाद नगर इकाई द्वारा विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम परिषद के राष्ट्रनिर्माण एवं छात्र-हित के संकल्प को पुनः स्मरण करने तथा विद्यार्थियों में देशभक्ति, नेतृत्व और सामाजिक चेतना के भाव को जागृत करने हेतु आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः नगर इकाई के कार्यालय में ध्वजारोहण के साथ हुई। नगर सह मंत्री गोविंद कुमार के नेतृत्व में परिषद के कार्यकर्ताओं ने ध्वज फहराया और वंदेमातरम् एवं परिषद गीत का गायन किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने परिषद के गौरवशाली इतिहास और संगठन की अनुशासन, सेवा एवं राष्ट्रनिष्ठा की भावना को दोहराया। ध्वजारोहण के पश्चात एस.एस. कॉलेज इकाई द्वारा कॉलेज परिसर में “छात्र संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के छात्रों एवं शिक्षकों को परिषद के उद्देश्य एवं कार्यशैली से परिचित कराया गया। इस दौरान छात्रों के बीच बैच वितरण किया गया। इसी क्रम में पण्डुई गांव में नगर इकाई द्वारा एकदिवसीय रग्बी टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इस खेल प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं में खेल भावना का विकास और टीम भावना को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अमरजीत कुमार एवं डॉ. रोहित राज रहे, जिनकी उपस्थिति से आयोजन को विशेष प्रेरणा मिली। खेल आयोजन का सफल संचालन नगर मंत्री शशांक कुमार ने किया। ग्रामीण क्षेत्र में रग्बी जैसे खेल का आयोजन परिषद की नवाचार एवं युवाओं को नए अवसर देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।एस.एन. सिन्हा कॉलेज इकाई के द्वारा एक शैक्षणिक गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें “शिक्षा की गुणवत्ता” (Quality of Education) विषय पर विस्तृत चर्चा हुई। इस विशेष सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में जिला प्रमुख प्रो. पंकज कुमार ने छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व और इसमें छात्रों की भूमिका पर प्रेरणादायक वक्तव्य दिया। कार्यक्रम में विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और उन्होंने शिक्षा प्रणाली की चुनौतियों एवं सुधारों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। दोपहर उपरांत, नगर इकाई द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर छात्रावास में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन फीता काटकर जिला प्रमुख प्रो. पंकज कुमार, नगर उपाध्यक्ष डॉ. प्रवीण कुमार एवं पूर्व कार्यकर्ता अभाविप रौशन शर्मा ने किया। इस खेल कार्यक्रम का संचालन शिवम पासवान ने किया। प्रतियोगिता में स्थानीय छात्रावासों की टीमों ने भाग लिया, जिससे छात्र जीवन में अनुशासन, सहयोग और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का संचार हुआ। सांस्कृतिक गतिविधियों की श्रृंखला में हुलासगंज नगर इकाई द्वारा भाषण एवं संगीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में स्थानीय विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। भाषण प्रतियोगिता में राष्ट्रभक्ति, शिक्षा और सामाजिक विषयों पर छात्रों ने अपने विचार प्रस्तुत किए। संगीत प्रतियोगिता में युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन नगर मंत्री आजाद पासवान द्वारा किया गया।पूरे दिन चले इस स्थापना दिवस आयोजन में परिषद के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की उपस्थिति से कार्यकर्ताओं का मनोबल उच्च रहा। कार्यक्रम में विभाग संयोजक गोपाल शर्मा, जिला सह संयोजक बिट्टू तिवारी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विष्णु शंकर, नारायण जी, राहुल नारायण, अमन, मिथुन, रोहित एवं प्रेम कुमार जैसे वरिष्ठ कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Prabhu Jee
Prabhu Jeehttp://www.jagdoot.in
ब्यूरो चीफ, खगड़िया (जगदूत न्यूज)
सम्बंधित खबरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

रिपोर्टर की अन्य खबरें
नई खबरें