जगदूत न्यूज अनिल कुमार गुप्ता ब्यूरो प्रमुख जहानाबाद आम नागरिकों की समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी जिले में *पंचायत स्तर पर ‘सहयोग शिविर’ आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया है*। पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले ‘सहयोग शिविर’ के सफल संचालन को लेकर जिला पदाधिकारी, जहानाबाद श्रीमती अलंकृता पाण्डेय की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई तथा बताया गया कि माननीय मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई यह पहल आम जनता को उनकी समस्याओं के समाधान हेतु सीधे प्रशासन से जोड़ने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। निर्देशानुसार पंचायत स्तर पर *सहयोग शिविर प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार* को आयोजित किया जाएगा और यह *कार्यक्रम मई माह के तृतीय मंगलवार (19.05.2026) से प्रारंभ* किया जाएगा। इस शिविर का आयोजन पंचायत सरकार भवन अथवा किसी सार्वजनिक स्थल पर किया जाएगा जहाँ आमजन आसानी से पहुंच सके। *शिविर की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी/उप विकास आयुक्त/अपर समाहर्ता/वरीय उपसमाहर्ता पदाधिकारी द्वारा की जाएगी* । शिविर में संबंधित विभागों के पदाधिकारी, जैसे राजस्व, भूमि सुधार, समाज कल्याण, पुलिस, शिक्षा स्वास्थ एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे जिनके द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजनों को उपलब्ध करते हुए उनकी समस्या का त्वरित समाधान किया जाएगा। शिविर हेतु आमलोग अपना आवेदन 30 दिन पूर्व संबंधित जिला/अंचल/प्रखंड/अनुमंडल कार्यालय में दे सकते हैं। सहयोग शिविर के प्रभावी एवं सफल आयोजन की लिए जिला पदाधिकारी द्वारा विभिन्न निर्देश दिये गए शिविरों में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहकर आमजनों की शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट समाधान करेंगे तथा संबंधित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करेंगे। सभी शिविर वरीय पदाधिकारी पूर्व से ही अपने अपने प्रखंड पहुंच कर आमजनों से प्राप्त शिकायत का अनुश्रवण करेंगे तथा सभी विभागीय पदाधिकारी क्षेत्र में जाकर आमलोगों की समस्या प्राप्त भी करेंगे। शिविरों के माध्यम से संबंधित विभाग के पदाधिकारी केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी आमजनों को उपलब्ध कराएंगे। इसके अतिरिक्त, शिविर में प्राप्त शिकायतों की सतत निगरानी हेतु Real Time Monitoring System के तहत प्राप्त शिकायतों का निष्पादन करेंगे तथा संबंधित पदाधिकारियों द्वारा शिविर के उपरांत प्रतिवेदन भी देना सुनिश्चित करेंगें जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे इस कार्यक्रम का सफल संचालन सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को उनकी समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान प्राप्त हो सके।


