जगदूत न्यूज अनिल कुमार गुप्ता ब्यूरो प्रमुख जहानाबाद राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा चलाए जा रहे राजस्व महाअभियान (16 अगस्त से 20 सितम्बर 2025) के अंतर्गत रैयतों को जमाबंदी पंजी की प्रति उपलब्ध कराने का कार्य जिले में तीव्र गति से जारी है। इसी क्रम में आज श्री अरुण कुमार सिंह ( भा.प्र.से.),विशेष सचिव, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, एवं मगध प्रमंडल के नोडल पदाधिकारी के रूप में नामित, ने मोदनगंज प्रखंड के गंधार पंचायत में आयोजित शिविर तथा अमथुआ एवं काजीसराय मौजे का निरीक्षण किया।श्री सिंह ने शिविर में उपस्थित रैयतों से संवाद स्थापित किया, उनकी समस्याओं को सुना एवं समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जमाबंदी पंजी की प्रति उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की समीक्षा की और रैयतों को जमाबंदी से संबंधित जानकारी दी, साथ ही राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान के बारे में बताया। मौके पर पंपलेट व आवेदन प्रपत्र का वितरण भी किया गया। बड़ी संख्या में रैयत शिविर में उपस्थित हुए तथा अपनी समस्याओं एवं आवेदन को जमा किया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता जहानाबाद श्री अनिल कुमार सिन्हा, प्रभारी पदाधिकारी (राजस्व) सुश्री होमा इरफान, अंचल अधिकारी श्री मोहम्मद आसिफ सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।शिविर में लोगों को राजस्व महाअभियान के बारे में जानकारी साझा की गई, साथ ही पूर्ण भरे आवेदन को ऑनलाइन करने की प्रक्रिया भी की गई। इस दौरान रैयतों ने उत्साहपूर्वक अपने-अपने आवेदन प्रस्तुत किए। जिले में अब तक 45.73% रैयतों को जमाबंदी पंजी की प्रति उपलब्ध कराई जा चुकी है। अपर समाहर्ता ने बताया कि अभियान का लक्ष्य है कि जिले के सभी पात्र परिवारों को जमाबंदी पंजी की प्रति उपलब्ध करा दी जाए। इसके लिए अंचलवार माइक्रो प्लान तैयार कर टीमों को मौजा स्तर तक भेजा जा रहा है, जो रैयतों को जमाबंदी पंजी की प्रति, आवेदन प्रपत्र एवं पंपलेट उपलब्ध करा रही हैं। बताते चलें कि राजस्व महाअभियान के दौरान न केवल जमाबंदी पंजी की प्रतियां उपलब्ध कराई जा रही हैं, बल्कि जमाबंदी की त्रुटियों का सुधार, छूटी हुई जमाबंदी को ऑनलाइन करना, उत्तराधिकार नामांतरण एवं बंटवारा नामांतरण जैसे कार्य भी हल्का स्तर पर आयोजित शिविरों में किए जा रहे हैं।


