34.8 C
Khagaria
Friday, April 17, 2026

नगर सभापति अर्चना कुमारी के नेतृत्व में नगर परिषद की बढ़ी ताकत: नए ट्रैक्टर-जेसीबी के साथ डिवाटरिंग पंप से भी सुधरी व्यवस्था

जेएन/कौशल कुमार पत्रकार नगर,खगड़िया नगर परिषद खगड़िया द्वारा शहर के विकास और सफाई कार्यों को तेज करने की दिशा में लगातार ठोस पहल की जा रही है। इसी क्रम में नगर परिषद ने हाल ही में 4 ट्रैक्टर, 1 बड़ा जेसीबी एवं 2 छोटा जेसीबी मशीन की खरीदारी की है, जिससे नगर क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है। इन सभी वाहनों का शुभारंभ नगर सभापति अर्चना कुमारी द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर किया गया। इसके बाद सभी वाहनों को नगर क्षेत्र में सफाई, नाला निर्माण, सड़क मरम्मत एवं अन्य कार्यों के लिए रवाना किया गया। नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि इन संसाधनों के जुड़ने से नगर परिषद की कार्य क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि नगर परिषद द्वारा पहले भी संसाधनों में वृद्धि की गई है, जिसके तहत 4 ट्रैक्टर, 1 जेसीबी, 4 सेक्शन मशीन एवं 6 टीपर पहले ही जोड़े जा चुके हैं। इससे पहले परिषद के पास मात्र 2 ट्रैक्टर, 1 जेसीबी, 1 सेक्शन मशीन और 2 टीपर ही उपलब्ध थे।इसके अलावा नगर सभापति ने यह भी बताया कि नगर परिषद द्वारा दो डिवाटरिंग पंप (Dewatering Pump) भी खरीदे गए थे, जो शहर में जल निकासी की समस्या को दूर करने में मील का पत्थर साबित हुए हैं। बरसात के समय जलजमाव वाले क्षेत्रों में इन पंपों के माध्यम से तेजी से पानी निकाला गया, जिससे आम लोगों को काफी राहत मिली। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य केवल संसाधनों को बढ़ाना नहीं, बल्कि उनके माध्यम से आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। शहर में जलजमाव, सफाई और सड़क की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहले संसाधनों की कमी के कारण कई कार्यों में देरी होती थी, लेकिन अब नई मशीनों और पंपों के जुड़ने से काम तेजी से हो रहा है और लोगों को सीधे इसका लाभ मिल रहा है। लोगों ने उम्मीद जताई कि नगर परिषद इसी तरह विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हुए शहर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाएगी। कुल मिलाकर, नगर परिषद खगड़िया द्वारा संसाधनों में लगातार की जा रही वृद्धि यह दर्शाती है कि अब शहर में विकास कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से जमीन पर उतारा जा रहा है और आम जनता को उसका प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।

Prabhu Jee
Prabhu Jeehttp://www.jagdoot.in
ब्यूरो चीफ, खगड़िया (जगदूत न्यूज)
सम्बंधित खबरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

रिपोर्टर की अन्य खबरें
नई खबरें