*133 नंबर पाये का स्लैब गिरने से आवागमन ठप, कोसी-सीमांचल का संपर्क प्रभावित*
JNA/अजय वर्मा की रिपोर्ट भागलपुर कोसी-सीमांचल समेत पूर्वोत्तर राज्यों को भागलपुर से जोड़ने वाले विक्रमशिला सेतु पर मरम्मत की तैयारी चल ही रही थी कि रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। पुल के 133 नंबर पाये का स्लैब टूटकर गंगा नदी में गिर गया, जिससे इस मार्ग से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। प्रशासन ने तत्काल ट्रैफिक रोक दिया और लोगों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी। भागलपुर को गंगा पार के इलाकों से जोड़ने वाले इस प्रमुख पुल के क्षतिग्रस्त होने से हजारों लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित हो गई है। तस्वीर में टूटे हुए हिस्से के पास किनारे पर जुटी भीड़ और नावों को देखा जा सकता है।
कार्यपालक अभियंता साकेत कुमार ने बताया कि मरम्मत के लिए भेजे गए प्राक्कलन पर मुख्यालय स्तर से निर्णय लिया जाना था और जल्द काम शुरू करने की योजना थी। लेकिन 133 नंबर पाये का स्लैब ध्वस्त हो जाने के बाद स्थिति बदल गई है। अब संभावना है कि पुल की मरम्मत के लिए नए सिरे से विस्तृत प्राक्कलन तैयार किया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। सेतु के बंद होने से मालवाहक और यात्री वाहनों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हो रही है। प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने और सहयोग करने की अपील की है।


