जगदूत न्यूज जयपुर से जे पी शर्मा कि रिपोर्ट जयपुर। स्वामी विवेकानंद जयंती शुक्रवार को युवा दिवस के रूप में मनाई गई। इस मौके पर विद्यालयों, महाविद्यालयों में अनेक कार्यक्रम हुए। स्वामी रामकृष्ण परमहंस मिशन सोसायटी की ओर से सी स्कीम में विशेष आयोजन हुआ।इसी कड़ी में अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज की युवा शाखा दिया की ओर से ब्रह्मपुरी स्थित गायत्री शक्तिपीठ में स्वामी विवेकानंद की जयंती मनाई गई। इस मौके पर आरोहण-2024 कार्यक्रम आयोजित किया गया। युवाओं और बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्वामी विवेकानंद के जीवन परिचय से संबधित नाटिका प्रस्तुत की गई। जयपुर युवा टीम के स्वयंसेवकों ने योग, म्यूजिकल डेमोंस्ट्रेशन, कराते, प्रज्ञा गीत की प्रस्तुतियां दी।मुख्य वक्ता अखिल विश्व गायत्री परिवार के शक्तिपीठ प्रकोष्ठ प्रमुख योगेन्द्र गिरी ने कहा कि युवा आदर्श वही हो सकता है जो स्वयं साहस और संवेदना से युवा हो। जिसमें जमाने की हवा को आदर्शों की राह पर चला देने का दमखम हो। जिसमें युवा जीवन की चरम संभावनाएं साकार दिखती हों। जिसे देखते ही युवा आदर्श के पथ पर चलने की प्रेरणा प्राप्त कर सके। युवाओं के आदर्श स्वामी विवेकानंद, पं. श्रीराम शर्मा जैसे व्यक्तिव होने चाहिए जिसके सान्निध्य में युवा की ऊर्जा का ऊध्र्वगमन हो और पवित्र और परिष्कृत जीवन जीने की प्रेरणा मिले। जिसको देखकर, जिसे सुनकर युवाओं के जीवन का बहकाव- बिखराव सिमटने लगे और जीवन की दिशा स्पष्ट होती चले। जिससे युवाओं को कत्र्तव्य पथ की कठिन डगर पर आगे बढऩे का साहस एवं धीरज मिले। जिसके जीवन एवं चिंतन से युवाओं में समाज, संस्कृति, देश एवं मानवता के लिए कुछ कर गुजरने का भाव उफन उठे। जिसके वैचारिक अहसास से युवक-युवतियां स्वार्थ, अहं से ऊपर उठकर जीवन के परम तत्त्व की ओर बढऩे लगें, उनमें कुछ ऐसा ही सोच और सूझ एवं साहस पैदा हो।गायत्री परिवार राजस्थान के समन्वयक ओमप्रकाश अग्रवाल ने कहा कि आदर्श तो हमेशा ऐसा होना चाहिए जो प्रेरक हो, मार्गदर्शक हो। जिसकी जीवनशैली, जीवन प्रसंग में इतना प्रकाश हो कि वे अपना अनुगमन करने वालों के अंधियारे को चीर सकें। कार्यक्रम सुशील शर्मा, दीपक नंदी, सतीश भाटी, सोहन लाल शर्मा, मणिशंकर चौधरी, डॉ. प्रशांत भारद्वाज, रामेश्वर सिंह सहित अन्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन के साथ हुआ। कई बच्चे स्वामी विवेकानंद की वेशभूषा में नजर आए।
स्वामी विवेकानंद हो युवाओं के आदर्श: योगेन्द्र गिरी -गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी में युवा दिवस पर आरोहण-2024 आयोजित
सम्बंधित खबरें
नई खबरें


