*सांसद अतुल गर्ग एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री जिवेश मिश्रा के साथ अरवल भाजपा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी ने कार्यकर्ताओं के साथ पीएम नरेंद्र मोदी के मन की बात सुना*
जगदूत न्यूज अनिल कुमार गुप्ता जहानाबाद बिहार
अपने मन की बात कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि ‘मन की बात’ की 10 वर्ष की यात्रा ने एक ऐसी माला तैयार की है, जिसमें हर कार्यक्रम के साथ नई गाथाएं, नए कीर्तिमान, नए व्यक्तित्व जुड़ जाते हैं। हमारे समाज में सामूहिकता की भावना के साथ जो भी काम हो रहा हो, उन्हें ‘मन की बात’ के द्वारा सम्मान मिलता है। मेरा मन भी तभी गर्व से भर जाता है, जब मैं ‘मन की बात’ के लिए आई चिट्ठियों को पढ़ता हूं। उन्होंने कहा कि हमारे देश में कितने प्रतिभावान लोग हैं, उनमें देश और समाज की सेवा करने का कितना जज्बा है। वो लोगों की निस्वार्थ भाव से सेवा करने में अपना पूरा जीवन समर्पित कर देते हैं। उनके बारे में जानकार मैं ऊर्जा से भर जाता हूं। ‘मन की बात’ की ये पूरी प्रक्रिया मेरे लिए ऐसी है, जैसे मंदिर जा करके ईश्वर के दर्शन करना। ‘मन की बात’ के हर बात को, हर घटना को, हर चिट्ठी को मैं याद करता हूं तो ऐसे लगता है मैं जनता जनार्दन जो मेरे लिए ईश्वर का रूप है, मैं उनका दर्शन कर रहा हूं। पीएम मोदी ने कहा, मैं आज दूरदर्शन, प्रसार भारती और ऑल इंडिया रेडियो से जुड़े सभी लोगों की भी सराहना करूंगा। उनके अथक प्रयासों से ‘मन की बात’ इस महत्वपूर्ण पड़ाव तक पहुंचा है। मैं विभिन्न टीवी चैनल्स को, रीजनल टीवी चैनल्स का भी आभारी हूं, जिन्होनें लगातार इसे दिखाया है। ‘मन की बात’ के द्वारा हमने जिन मुद्दों को उठाया, उन्हें लेकर कई मीडिया हाउस ने मुहिम भी चलाए। मैं प्रिंट मीडिया को भी धन्यवाद देता हूं कि उन्होनें इसे घर-घर तक पहुंचाया। मैं उन यूट्यूबर्स को भी धन्यवाद दूंगा, जिन्होनें ‘मन की बात’ पर अनेक कार्यक्रम किए। पीएम मोदी ने कहा कि हमारे देश में पेड़ लगाने के अभियान से जुड़े कितने ही उदाहरण सामने आते रहते हैं। ऐसा ही एक उदाहरण है तेलंगाना के के.एन. राजशेखर जी का। पेड़ लगाने के लिए उनकी प्रतिबद्धता हम सब को हैरान कर देती है। करीब चार साल पहले उन्होंने पेड़ लगाने की मुहिम शुरू की। उन्होंने तय किया कि हर रोज एक पेड़ जरूर लगाएगें। उन्होंने इस मुहिम का कठोर व्रत की तरह पालन किया। वो 1500 से ज्यादा पौधे लगा चुके हैं। सबसे बड़ी बात ये है कि इस साल एक हादसे का शिकार होने के बाद भी वे अपने संकल्प से डिगे नहीं। मैं ऐसे सभी प्रयासों की हृदय से सराहना करता हूं। उन्होंने कहा कि इस महीने एक और महत्वपूर्ण अभियान के 10 साल पूरे हुए हैं। इस अभियान की सफलता में देश के बड़े उद्योगों से लेकर छोटे दुकानदारों तक का योगदान शामिल है । मैं बात कर रहा हूं ‘मेक इन इंडिया’ की । पीएम मोदी ने कहा कि त्योहारों के इस मौसम में आप फिर से अपना पुराना संकल्प भी जरूर दोहराइए । कुछ भी खरीदेंगे, वो ‘मेड इन इंडिया’ ही होना चाहिए। कुछ भी उपहार देंगे, वो भी ‘मेड इन इंडिया’ ही होना चाहिए। सिर्फ मिट्टी के दीये खरीदना ही ‘वोकल फॉर लोकल’ नहीं है। आपको अपने क्षेत्र में बने स्थानीय उत्पादों को ज्यादा-से-ज्यादा प्रमोट करना चाहिए। ऐसा कोई भी उत्पाद, जिसे बनाने में भारत के किसी कारीगर का पसीना लगा है, जो भारत की मिट्टी में बना है, वो हमारा गर्व है – हमें इसी गौरव पर हमेशा चार चांद लगाने हैं । इस मन की बात को सुनने के लिए मंडल अध्यक्ष संजीत सिंह, जिला महामंत्री रामाशीष दास, कुशवाहा चंदन, जिला मंत्री मिरा सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष अजय पासवान, महामंत्री भरत यादव, रमेश पाण्डेय, संजय सिंह उपस्थित रहे ।


