जगदूत न्यूज अनिल कुमार गुप्ता ब्यूरो प्रमुख जहानाबाद स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व मंत्री स्वर्गीय सुखदेव प्रसाद वर्मा जी की 33 वी पुण्यतिथि पर मखदुमपुर प्रखंड अंतर्गत सुगाँव में राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। राजकीय समारोह का प्रारंभ सर्वप्रथम भजन कीर्तन एवं निर्गुण गीत के साथ किया गया।माननीय पूर्व शिक्षा मंत्री शिक्षा विभाग, बिहार सरकार तथा स्व0 श्री सुखदेव प्रसाद वर्मा के सुपुत्र श्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा, जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक श्री अरविन्द प्रताप सिंह सहित अन्य माननीय जन प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों द्वारा स्व0 श्री सुखदेव प्रसाद वर्मा जी के प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने सभा को संबोधित करते हुए स्व0 श्री सुखदेव प्रसाद वर्मा के कार्यों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने समाज को एक नई दिशा दी। देश की आजादी के लिए अंग्रजों की यातनाऐं झेलते हुए देश को आजाद कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने नयी पीढी के लोगों को इनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए समाज के प्रति समर्पण भाव से काम करने का आवाहन किया। स्व0 श्री वर्मा विभिन्न पदों पर कार्य करते हुए समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वाहन किया। उन्होंने सुगाँव के लोगों को सौभाग्यशाली मानते हुए कहा कि इस धरती पर जन्म लेने वाले स्व0 वर्मा जैसे देशभक्त, समाजवादी नेता को शत शत नमन किया।जिला पदाधिकारी ने बताया कि स्व0 श्री वर्मा का जन्म जहानाबाद जिले के मखदुमपुर प्रखंड अंतर्गत सुगाँव गांव में 10 अप्रैल, 1916 को हुआ था। इन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में अत्यंत उल्लेखनीय भूमिका निभाई थी। उन्होंने स्कूली शिक्षा गांव में ही प्राप्त कर गांव से ही समाज सेवा की शुरुआत कर दी थी। शिक्षा का प्रचार प्रसार करने के लिए सरकारी शिक्षक की नौकरी करते हुए बिहार शिक्षक संघ कार्यकारिणी के सदस्य बने/ उसके बाद उन्होंने शिक्षक की नौकरी छोड़कर राजनीति में अपना कदम रखा/ वर्ष 1984 में अस्वस्थ के कारण सक्रिय राजनीति को विराम देते हुए अपने पैतृक गांव सु गांव में रहने लगे/ 05 फरवरी, 1991 को वर्मा जी ने अपने पैतृक गांव अवस्थित घर में अंतिम सांसे ली। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानी, देशभक्त, शिक्षा प्रेमी, समाज सुधारक, सफल राजनीतिज्ञ, कुशल प्रशासक, सहकारिता एवं पंचायती राज संस्थाओं के निर्भीक पहरेदार को शत शत नमन।इस अवसर पर माननीय पूर्व शिक्षा मंत्री ने बताया कि हमारे पिता जी स्व0 सुखदेव प्रसाद वर्मा जैसे महान नेता, स्वतंत्रता सेनानी एवं उपेक्षितों तथा गरीबों के हित के लिए काम करने वाले शख्स को श्रद्धा सुमन अर्पित करते है। इस अवसर पर सुखदेव प्रसाद वर्मा जनता पुस्तकालय का अवलोकन सभी महानुभावों द्वारा किया गया।जिला प्रशासन द्वारा आयोजित राजकीय समारोह का संचालन सुखदेव प्रसाद वर्मा स्मृति संस्थान के सचिव श्री नीतीश कुमार सिन्हा ने किया और उन्होंने विस्तार से स्वर्गीय सुखदेव प्रसाद वर्मा के जीवन पर प्रकाश डाला। सुगांव उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं और ग्रामीण कलाकारों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह में स्व0 श्री सुखदेव प्रसाद वर्मा जी के विचारो को याद करते हुए बिहार गौरव गान गाया गया एवं अंत में राष्ट्रगान गाया गया। धन्यवाद ज्ञापन जहानाबाद के अपर समाहर्ता श्रीमती सुधा गुप्ता ने किया।


