26.1 C
Khagaria
Wednesday, April 15, 2026

लेवा गांव में भीषण आग, तीन घर जलकर राख, गरीब मजदूर परिवार बेघर

जगदूत न्यूज खगड़िया बिहार ब्यूरो चिप प्रभु जी खगड़िया गोगरी प्रखंड के सर्किल संख्या-1 स्थित पकरैल पंचायत के लेवा गांव (वार्ड संख्या-15) में मंगलवार की दोपहर अचानक लगी आग में तीन गरीब मजदूर परिवारों के घर जलकर पूरी तरह राख हो गए। घटना दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आग लगने का संभावित कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। तेज हवा के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते फूस के तीनों घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुएं को देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए।
पकरैल पंचायत के पूर्व उप मुखिया मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि स्थानीय वार्ड सदस्य साजन कुमार के नेतृत्व में मुकेश ठाकुर, बबलू पासवान, राजीव पासवान, बालकिशोर, जय किशोर, ध्रुव ठाकुर, श्रवण साह सहित कई लोगों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक मुकेश पासवान, कृष्ण पासवान और संतोष पासवान के घर पूरी तरह जल चुके थे। घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई, लेकिन दमकल के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। गनीमत यह रही कि घटना के समय तीनों परिवार के सदस्य खेतों में गेहूं कटाई के लिए गए हुए थे, जिससे जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग में घर के अंदर रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, आवश्यक कागजात तथा लगभग 20 हजार रुपये नकद सहित सभी सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद तीनों परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं। इधर, जदयू के जिला प्रवक्ता आचार्य राकेश पासवान शास्त्री ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवारों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार तत्काल सहायता प्रदान करने में सक्षम और प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देशानुसार सरकार के खजाने पर पहला हक आपदा पीड़ितों का है। इसलिए पीड़ितों को आवश्यक मदद जल्द मिलेगी। उन्होंने स्थानीय अंचल प्रशासन से भी पीड़ित परिवारों को शीघ्र मुआवजा एवं राहत सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में तत्काल अग्रेत्तर कार्रवाई की अपेक्षा की है।

Prabhu Jee
Prabhu Jeehttp://www.jagdoot.in
ब्यूरो चीफ, खगड़िया (जगदूत न्यूज)
सम्बंधित खबरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

रिपोर्टर की अन्य खबरें
नई खबरें