*निगरानी विभाग के डीएसपी ने कहा,सुनवाई के दौरान पेशकार मुकेश कुमार ने वादी से कहा अगर सरकारी जमीन को बचाना है तो पांच लाख रुपये खर्च करने होंगे*
JNA/अजय वर्मा,प्रमंडलीय ब्यूरो हेड
शास्त्री नगर,मुंगेर। प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में गुरुवार को पटना से पहुंची निगरानी विभाग की टीम ने पेशकार मुकेश कुमार को 1.70 लाख रुपये नकद घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई से महकमे में खलबली मच गई। पूछताछ में मुकेश ने कई अहम जानकारी टीम को दी है
पेशकार को निगरानी टीम गिरफ्तार कर पटना ले गई। अब भागलपुर निगरानी कोर्ट में मुकेश कुमार का मामला चलेगा। Jna के अनुसार पटना से आई निगरानी की आठ सदस्यीय टीम का नेतृत्व निगरानी विभाग के डीएसपी पवन कुमार कर रहे थे।वहीं इस मामले के वादी नंदकिशोर प्रसाद ने बताया कि बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल अंचल अंतर्गत पंचवीर बाजार के पश्चिम स्थित बहुमूल्य सरकारी जमीन तीन कट्ठा चार धुर का फर्जी कागजात बनाकर मु. जावेद ने 2022 में साहेबपुर कमाल के तत्कालीन अंचलाधिकारी से दाखिल-खारिज करा लिया।इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से इस आदेश के खिलाफ पहले बलिया के भूमि सुधार समाहर्ता (डीसीएलआर) न्यायालय में अपील की, लेकिन वहां भी सीओ के आदेश को ही आधार बनाते हुए मु. जावेद के पक्ष में फैसला दे दिया गया। इसके बाद नंदकिशोर प्रसाद ने मामले को मुंगेर प्रमंडलीय आयुक्त न्यायालय में चुनौती दी, जहां वाद लंबित था। निगरानी विभाग के डीएसपी के मुताबिक, सुनवाई के दौरान पेशकार मुकेश कुमार ने वादी से कहा कि अगर सरकारी जमीन को बचाना है तो पांच लाख रुपये खर्च करने होंगे। दबाव बनाकर पहले तीन लाख रुपये ले लिए गए और बाद में दो लाख रुपये की और मांग की जाने लगी।इससे परेशान होकर नंदकिशोर प्रसाद ने निगरानी थाना पटना में एक अप्रैल 2026 को लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के सत्यता की पुष्टि के बाद निगरानी टीम ने धावा दल का गठन किया और ट्रैप की योजना बनाई। तय रणनीति के तहत नंदकिशोर प्रसाद ने 1.70 लाख रुपये पेशकार को दिया।जैसे ही मुकेश कुमार ने राशि लेकर अपने टेबल के दराज में रखी, निगरानी की टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपित को अपने साथ पटना ले गई है। मामले में आगे की कार्रवाई भागलपुर स्थित निगरानी कोर्ट में की जाएगी। वहीं चर्चाओं का वजार गर्म है ।
निगरानी विभाग की टीम ने पेशकार मुकेश कुमार को 1.70 लाख रुपये नकद घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
सम्बंधित खबरें
नई खबरें


