*सम्राट चौधरी और गिरिराज सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ, पांच दिनों तक चलेगा धार्मिक-सांस्कृतिक उत्सव*
जगदूत न्यूज खगड़िया बिहार ब्यूरो चिप प्रभु जी खगड़िया जिले के महद्दीपुर स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में रामनवमी एवं चैती दुर्गा पूजा-2026 के पावन अवसर पर शनिवार से पांच दिवसीय “राजकीय चैती दुर्गा पूजा मेला” का भव्य आगाज हो गया। निर्धारित कार्यक्रम के तहत आज दोपहर 2:00 बजे बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं केंद्र सरकार के मंत्री गिरिराज सिंह ने संयुक्त रूप से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। इसके उपरांत दीप प्रज्वलित कर मेले का विधिवत उद्घाटन किया गया। जिला प्रशासन, खगड़िया के तत्वावधान में आयोजित इस मेले को लेकर व्यापक तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं। मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और सजावट से सुसज्जित किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल एवं प्रकाश की विशेष व्यवस्था की गई है। मेले के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ भक्ति संगीत, भव्य झांकियां, लोकगीत, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहेगा।
दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिससे इलाके में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है। जिला प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं एवं गणमान्य नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस धार्मिक आयोजन की गरिमा बढ़ाएं और मेले को सफल बनाएं।


