*गोगरी के छोटे से गांव पौड़ा से उठी बड़ी कामयाबी, सिविल सर्विस में जाकर देश सेवा का सपना संजोए आगे बढ़ रही है आरती*
जगदूत न्यूज खगड़िया बिहार ब्यूरो चिप प्रभु जी की रिपोर्ट खगड़िया जिले के गोगरी प्रखंड स्थित उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, पौड़ा की मेधावी छात्रा आरती कुमारी ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) की मैट्रिक परीक्षा में 468 अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की है। अपनी इस उल्लेखनीय उपलब्धि के साथ आरती ने न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे खगड़िया जिले का नाम गर्व से ऊंचा कर दिया है। आरती, गोगरी प्रखंड के पौड़ा गांव निवासी संजीत कुमार उर्फ संजीव यादव एवं पूर्व पंचायत समिति सदस्य (पंसस पौड़ा) सोनी देवी की पुत्री हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद आरती ने कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
अपनी सफलता का श्रेय देते हुए आरती ने कहा कि उनके माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सदस्यों का निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी ताकत रहा। उन्होंने बताया कि पढ़ाई के प्रति समर्पण और नियमित अभ्यास ही उनकी सफलता का मूल मंत्र रहा है। आरती का सपना सिविल सर्विस में जाकर देश की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि वह आगे भी इसी तरह मेहनत जारी रखेंगी और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंक देंगी। आरती की इस उपलब्धि से पूरे गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों ने उसे बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह सफलता न केवल आरती के परिवार के लिए गर्व का विषय है, बल्कि जिले के अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई है।


