*फरकिया इलाके में एक से बढ़ कर एक साहित्यकार, उभारने की आवश्यकता – डॉ अरविन्द वर्मा*
*कवि सम्मेलन में रचनाकारों की प्रस्तुति को श्रोताओं ने मुक्त कंठ से सराहा*
जगदूत न्यूज़ खगड़िया बिहार ब्यूरो चीफ प्रभु जी खगड़िया (बिहार)। ज़िले के वरिष्ठ साहित्यकार व पत्रकार डॉ अरविन्द वर्मा को बज्मे- हाफीज बनारसी, पटना द्वारा आयोजित अमृत काल के गज़ल उत्सव 2023 समारोह, पटना में सम्मानित किए जाने की घोषणा चेयरपर्सन रामेश कंवल ने की थी।अपरिहार्य कारणों से डॉ अरविन्द वर्मा पटना नहीं जा सके। तदुपरांत राष्ट्रीय स्तर के प्रख्यात शायर चेयरपर्सन रमेश कंवल ने अखिल भारतीय साहित्य सृजन मंच के साहित्यकार व गजलकार शिव कुमार सुमन के हाथों डॉ अरविन्द वर्मा के नाम का गज़ल उत्सव 2023 की स्मृति चिन्ह भेजा, जिसे विद्या भवन, खगड़िया में आयोजित एक विशेष सम्मान समारोह में समर्पित किया गया। साथ ही साथ अखिल भारतीय साहित्य सृजन मंच की तरफ़ से अंग वस्त्र देकर डॉ अरविन्द वर्मा को सम्मानित किया गया। डॉ वर्मा को सम्मानित करने वालों में मंच के अध्यक्ष व कोशी कॉलेज, खगड़िया के हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ कपिल देव महतो, शिव कुमार सुमन, साधना भगत के नाम प्रमुख हैं। सम्मानित होने के उपरांत अपने उदगार प्रकट करते हुए डॉ अरविन्द वर्मा ने कहा मुझे खुशी है कि खगड़िया ज़िले के पांच साहित्यकारों को सूबे के विभिन्न ज़िलों में आयोजित कवि सम्मेलनों में सम्मानित किया गया। खगड़िया में साहित्य की रचना करने वालों की कमी नहीं है। फरकिया इलाके में एक से बढ़ कर एक प्रतिभावन साहित्यकार हैं। आवश्यकता है, उनकी छवि को उभारने की, जो साहित्यिक कार्य साहित्य सृजन मंच के पदाधिकारी और सदस्यगण कर रहे हैं। डॉ वर्मा ने पटना स्थित बज़्ममे – हाफ़िज़ बनारसी के चेयरपर्सन रमेश कंवल तथा मंच के सभी सदस्यों के प्रति आभार प्रकट किया और उन्हें साधुवाद भी दिया। उक्त अवसर पर एक कवि सम्मेलन का भी अयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता डॉ कपिल देव महतो और मंच संचालन नंद किशोर सिंह ने किया जब कि आए हुए कवियों, कवित्रियों और गणमान्य लोगों का स्वागत साधना भगत ने की। सम्मेलन का शुभारम्भ चम्पा राय द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। अपनी अपनी रचनाओं का सस्वर पाठ करने वालों में प्रमुख थे संगीता चौरसिया, साधना भगत, नंद किशोर सिंह, शिव कुमार सुमन, डॉ कपिल देव महतो, सुमन कुमार रवि पोद्दार, सुखनन्दन पसवान, राहुल देव पोद्दार, श्रीवास्तव, डॉ अरविन्द वर्मा आदि। धन्यवाद ज्ञापन साधना भगत ने की।


